Hardoi News: थोक व्यापारी के घर संदिग्ध चोरी, नौकरों पर शक; रकम का खुलासा न होने से बढ़ी चर्चाएं
Hardoi News: हरदोई में एक थोक व्यापारी के घर संदिग्ध परिस्थितियों में चोरी का मामला सामने आया है। घटना के बाद नौकरों पर शक जताया जा रहा है। चोरी गई रकम का खुलासा नहीं होने से मामले को लेकर चर्चाएं तेज हैं। पुलिस जांच में जुटी है।
Hardoi News(Photo-Social Media)
Hardoi News: शहर कोतवाली क्षेत्र के रेलवेगंज चौकी अंतर्गत दुलीचंद चौराहे के पास एक थोक व्यापारी के घर हुई संदिग्ध चोरी ने इलाके में हलचल मचा दी है। घटना के बाद पुलिस जांच में जुटी है, जबकि चोरी की रकम का उल्लेख तहरीर में न होने से तरह-तरह की चर्चाएं भी तेज हो गई हैं।जानकारी के अनुसार दुलीचंद चौराहा निवासी पंकज अग्रवाल का शहर में दाल, चावल और परचून सामान का थोक कारोबार है। उन्होंने पुलिस को दी गई तहरीर में बताया कि उनकी दुकान पर कुलदीप, दित्यांशु और शोभित नाम के युवक काम करते थे। ये तीनों उनके घर के बरामदे में ही रात के समय सोया करते थे।
पीड़ित का आरोप है कि बीती रात तीनों युवक घर के अंदर पहुंचे और कमरे में रखी अलमारी खोलकर उसमें रखी नकदी लेकर फरार हो गए। सुबह घटना की जानकारी होने पर परिवार में हड़कंप मच गया। इसके बाद तुरंत रेलवेगंज चौकी पुलिस को सूचना दी गई।सूचना मिलते ही चौकी पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण कर जांच शुरू कर दी। पुलिस ने मामले में चार युवकों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू की है।अधिकारियों का कहना है कि सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच की जा रही है और पूछताछ के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
कयास लगाए जा रहे हैं कि चोरी की रकम काफी अधिक होगी
घटना का सबसे चर्चित पहलू यह है कि पुलिस को दी गई तहरीर में चोरी हुई नकदी की राशि का कोई उल्लेख नहीं किया गया है। इसी वजह से शहर में अलग-अलग तरह की चर्चाएं चल रही हैं। स्थानीय लोगों का कहना है कि थोक कारोबार से जुड़े होने के कारण व्यापारी के यहां प्रतिदिन बड़ी रकम का लेनदेन होता है। ऐसे में लोगों के बीच यह कयास लगाए जा रहे हैं कि चोरी की रकम काफी अधिक हो सकती है। हालांकि इसकी आधिकारिक पुष्टि अब तक नहीं हुई है।बताया जाता है कि घटना के बाद मीडिया ने व्यापारी से बातचीत का प्रयास किया, लेकिन उन्होंने इस संबंध में कोई बयान नहीं दिया। इससे भी मामले को लेकर लोगों की उत्सुकता बढ़ गई है।फिलहाल पुलिस का कहना है कि तहरीर के आधार पर जांच की जा रही है। चोरी की वास्तविक रकम, घटना की परिस्थितियों और इसमें शामिल लोगों की भूमिका का पता जांच पूरी होने के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा। पुलिस का दावा है कि जल्द ही पूरे मामले का खुलासा कर दिया जाएगा।