Hathras News: देशभक्ति के नारों से गूंजा हाथरस, एडीएचआर की तिरंगा बाइक रैली में उमड़ा उत्साह
Hathras News: हाथरस में स्वतंत्रता दिवस की पूर्व संध्या पर एडीएचआर ने 12वीं विशाल तिरंगा संदेश बाइक रैली निकाली। तिरंगे के साथ निकली रैली में देशभक्ति के नारों से शहर गूंज उठा।
Hathras News
Hathras News: स्वतंत्रता दिवस की पूर्व संध्या पर एसोसिएशन ऑफ डेमोक्रेटिक ह्यूमन राइट्स (एडीएचआर) की ओर से शुक्रवार को 12वीं विशाल तिरंगा संदेश बाइक रैली निकाली गई। शहीद भगत सिंह पार्क, डीआरबी इंटर कॉलेज से शुरू हुई रैली में बड़ी संख्या में लोग शामिल हुए। हाथों में तिरंगा लेकर बाइक सवारों ने शहर में देशभक्ति का संदेश दिया।
रैली के दौरान भारत माता की जय, वंदे मातरम्, इंकलाब जिंदाबाद और अमर शहीद अमर रहें जैसे नारों से शहर गूंज उठा। प्रतिभागियों ने देश की आजादी के लिए अपने प्राणों का बलिदान देने वाले अमर शहीदों को नमन करते हुए उनके त्याग और बलिदान को याद किया।एडीएचआर के राष्ट्रीय महासचिव प्रवीन वार्ष्णेय ने बताया कि संस्था पिछले 11 वर्षों से लगातार तिरंगा संदेश बाइक रैली का आयोजन कर रही है। इस वर्ष रैली का 12वां आयोजन किया गया। उन्होंने कहा कि रैली का उद्देश्य लोगों में राष्ट्रप्रेम, राष्ट्रीय एकता, भाईचारे और तिरंगे के प्रति सम्मान की भावना को मजबूत करना है।उन्होंने कहा कि 15 अगस्त केवल अवकाश का दिन नहीं, बल्कि देश की आजादी के लिए अपना सर्वस्व न्योछावर करने वाले वीर शहीदों को नमन करने का अवसर है। स्वतंत्र भारत में नागरिकों को मिली आजादी उन बलिदानियों के त्याग का परिणाम है। उन्होंने लोगों से स्वतंत्रता दिवस को सम्मान और राष्ट्रभक्ति की भावना के साथ मनाने की अपील की।
प्रवीन वार्ष्णेय ने कहा कि तिरंगा देश की एकता, अखंडता, गौरव और बलिदान का प्रतीक है। तिरंगे के सम्मान के साथ प्रत्येक नागरिक को संविधान, लोकतांत्रिक मूल्यों और राष्ट्र की एकता एवं अखंडता के प्रति अपनी जिम्मेदारियों का भी निर्वहन करना चाहिए।शहर के विभिन्न स्थानों पर सामाजिक संस्थाओं, संगठनों और शहरवासियों ने पुष्पवर्षा कर रैली का स्वागत किया। जगह-जगह लोगों ने बाइक सवारों का उत्साह बढ़ाया और तिरंगे के प्रति सम्मान व्यक्त किया।रैली शहीद भगत सिंह पार्क से शुरू होकर नई धर्मशाला, चांवड़ गेट, सब्जी मंडी, नयागंज, पत्थर बाजार, नजिहाई, घंटाघर, हलवाई खाना, गुड़िहाई बाजार, रामलीला मैदान, बैनीगंज, पुनः घंटाघर, मोहनगंज और पुरानी कलेक्ट्रेट तालाब चौराहा होते हुए आर्य समाज सासनी गेट पहुंची, जहां इसका समापन हुआ।
एडीएचआर ने रैली को सफल बनाने में सहयोग और उत्साहपूर्वक सहभागिता के लिए शहरवासियों का आभार जताया। संस्था ने लोगों से स्वतंत्रता दिवस पर राष्ट्रहित, सामाजिक सद्भाव और आपसी भाईचारे को मजबूत करने का संकल्प लेने का आह्वान किया।रैली में मोहनलाल अग्रवाल, कमलकांत दोवराबाल, शैलेंद्र सांवलिया, अनिल वार्ष्णेय, अनिल अग्रवाल, रवि गुप्ता, तरुण पंकज, सुनीत आर्य, राजेश वार्ष्णेय, अमन बंसल, गौरव अग्निहोत्री, आशीष वार्ष्णेय, हरीश आंधीवाल, योगेश वार्ष्णेय, सुनील अग्रवाल, निष्कर्ष गर्ग, नीरज गोयल, डॉ. पी.पी. सिंह, राज वार्ष्णेय, सुरेंद्र वार्ष्णेय, ऋषि शर्मा, राम अग्रवाल, उद्धव कृष्ण शर्मा, सौरभ सिंघल, राजेंद्र नाथ चतुर्वेदी, मुरारी चौधरी, डॉ. अभिषेक कुलश्रेष्ठ, अमित गर्ग सहित सैकड़ों लोग मौजूद रहे।