Jalaun News: 100 युवा उद्यमियों को औद्योगिक भ्रमण पर भेजा, उद्योग स्थापना के लिए किया प्रेरित
Jalaun News: विकसित भारत कार्यक्रम के तहत जिलाधिकारी राजेश कुमार पाण्डेय ने 100 युवा उद्यमियों को औद्योगिक भ्रमण पर रवाना किया, स्वरोजगार के लिए प्रेरित किया।
100 युवा उद्यमियों को औद्योगिक भ्रमण पर भेजा, उद्योग स्थापना के लिए किया प्रेरित (Photo- Newstrack)
Jalaun News: केंद्र सरकार के 12 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में आयोजित विकसित भारत कार्यक्रम के तहत युवा उद्यमिता को बढ़ावा देने के लिए विशेष औद्योगिक भ्रमण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। जिलाधिकारी राजेश कुमार पाण्डेय ने 100 युवा उद्यमियों को लेकर जाने वाली बस को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।
जालौन। विकसित भारत कार्यक्रम के अंतर्गत मंगलवार को युवाओं को स्वरोजगार एवं उद्यमिता के क्षेत्र में प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से विशेष औद्योगिक भ्रमण कार्यक्रम आयोजित किया गया। कलेक्ट्रेट परिसर से जिलाधिकारी राजेश कुमार पाण्डेय ने 100 युवा उद्यमियों को लेकर जाने वाली बस को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।
मुख्यमंत्री युवा उद्यमी विकास अभियान
इस अवसर पर जिलाधिकारी ने कहा कि सरकार युवाओं को रोजगार मांगने वाला नहीं, बल्कि रोजगार उपलब्ध कराने वाला बनाने के लिए लगातार प्रयास कर रही है। मुख्यमंत्री युवा उद्यमी विकास अभियान सहित विभिन्न योजनाओं के माध्यम से युवाओं को स्वरोजगार के लिए प्रेरित किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि औद्योगिक भ्रमण जैसे कार्यक्रम युवाओं में आत्मविश्वास बढ़ाने के साथ उन्हें उद्यमिता की दिशा में आगे बढ़ने का अवसर प्रदान करते हैं।
भ्रमण के दौरान युवाओं ने राजकीय औद्योगिक आस्थान कालपी, हाथ कागज उद्योग की विभिन्न इकाइयों तथा खादी ग्रामोद्योग प्रशिक्षण संस्थान का अवलोकन किया। हाथ कागज उद्योग के प्रतिष्ठित उद्यमी प्रो. सलीम हाजी ने युवाओं को कागज निर्माण की प्रक्रिया, उत्पादन तकनीक, विपणन व्यवस्था और स्वरोजगार की संभावनाओं की जानकारी दी।