Jalaun News: जालौन में अज्ञात वाहन की टक्कर से चाचा-भतीजे की दर्दनाक मौत

Jalaun News: जालौन के रामपुरा क्षेत्र में अज्ञात वाहन की टक्कर से बाइक सवार चाचा-भतीजे की मौत हो गई। हादसे में भतीजे की मौके पर और चाचा की इलाज के दौरान झांसी में मौत हो गई।

By :  Afsar Haq
Update:2026-06-15 19:01 IST

Jalaun News

Jalaun News: जालौन में अज्ञात वाहन की टक्कर से बाइक सवार चाचा-भतीजे की दर्दनाक मौत हो गई। हादसे में भतीजे की मौत मौके पर ही हो गई, जबकि गंभीर रूप से घायल चाचा ने उपचार के दौरान दम तोड़ दिया।मध्य प्रदेश के भिंड जिले के मिहौना थाना क्षेत्र के ग्राम विस्वारी निवासी 22 वर्षीय गौरव कुमार अपने चाचा 25 वर्षीय भीम सिंह के साथ बाइक से रामपुरा थाना क्षेत्र के ग्राम टीहर में आयोजित एक कार्यक्रम में शामिल होने आए थे।

कार्यक्रम समाप्त होने के बाद दोनों लगभग रात 10 बजे अपने गांव लौट रहे थे।जैसे ही उनकी बाइक मढ़ा गांव के पास ऊंचा रोड पर पहुंची, तभी पीछे से आ रहे तेज रफ्तार अज्ञात वाहन ने उनकी बाइक में जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर लगते ही दोनों सड़क पर गिर पड़े। बाइक चालक ने हेलमेट नहीं पहना था, जिससे उसके सिर में गंभीर चोट आई और वह गंभीर रूप से घायल हो गया।

चीख-पुकार सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और तुरंत पुलिस व एंबुलेंस को सूचना दी। दोनों घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र रामपुरा पहुंचाया गया, जहां डॉक्टरों ने गौरव कुमार को मृत घोषित कर दिया। वहीं गंभीर रूप से घायल भीम सिंह को प्राथमिक उपचार के बाद मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया। हालत नाजुक होने पर उन्हें झांसी भेजा गया, जहां उपचार के दौरान सोमवार को उनकी भी मौत हो गई।घटना के बाद परिजनों में कोहराम मच गया है। पुलिस ने मामला दर्ज कर अज्ञात वाहन की तलाश शुरू कर दी है।

Tags:    

Similar News