Jalaun News जालौन बेतवा नदी में डूबने से किशोर की मौत, परिवार में मचा कोहराम
Jalaun News: जालौन के परासन गांव में दोस्तों संग नहाने गए 14 वर्षीय रवि की बेतवा नदी में डूबने से मौत हो गई, पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा।
जालौन बेतवा नदी में डूबने से किशोर की मौत, परिवार में मचा कोहराम (Photo- Social Media)
Jalaun News: जालौन, उरई। शनिवार दोपहर अपने दोस्तों के साथ परासन गांव के बाहर बह रही बेतवा नदी में नहाने गया था। नहाते समय अचानक वह गहरे पानी में चला गया और तेज बहाव में डूबने लगा। साथ मौजूद दोस्तों ने उसे बचाने का काफी प्रयास किया, लेकिन गहराई अधिक होने के कारण वे सफल नहीं हो सके।
घबराए दोस्तों ने तुरंत गांव पहुंचकर परिजनों को घटना की जानकारी दी। सूचना मिलते ही परिवार के लोग बदहवास हालत में नदी किनारे पहुंचे और पुलिस को सूचना दी गई। मौके पर पहुंची पुलिस ने ग्रामीणों की मदद से काफी मशक्कत के बाद रवि को नदी से बाहर निकाला।
पुलिसकर्मियों ने मौके पर ही उसे सीपीआर देकर बचाने का प्रयास किया, लेकिन उसके शरीर में कोई हरकत नहीं हुई। परासन गांव निवासी भगत का 14 वर्षीय पुत्र रवि को आनन-फानन में इलाज के लिए उरई भेजा गया, जहां डॉक्टरों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया।
गांव में शोक की लहर
किशोर की मौत की खबर मिलते ही गांव में शोक की लहर दौड़ गई। परिवार में चीख-पुकार मच गई और मां नीतू का रो-रोकर बुरा हाल है। पिता भगत समेत पूरे परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा।
ग्रामीणों के अनुसार भगत के पांच पुत्र हैं, जिनमें रवि चौथे नंबर का था। रवि की असमय मौत से पूरे गांव में मातम पसरा हुआ है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले की जांच शुरू कर दी है।