Jalaun News: घरेलू कलह में गई मासूम की जान, मां पर लगे गंभीर आरोप

Jalaun News: जालौन में घरेलू विवाद के दौरान एक मासूम की मौत का मामला सामने आया है। घटना में मां पर गंभीर आरोप लगे हैं, पुलिस ने जांच शुरू कर दी है।

By :  Afsar Haq
Update:2026-05-22 12:48 IST

Jalaun News(Photo-Social Media)

Jalaun News: उत्तर प्रदेश के जालौन जनपद के उरई, अकबरपुर गांव में गुरुवार रात एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई, जहां एक मां पर अपनी ही चार वर्षीय बेटी नैना की गला घोंटकर हत्या करने का आरोप लगा है। घटना के बाद पूरे इलाके में सनसनी फैल गई। पुलिस ने आरोपी मां विनीता को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है, जबकि बच्ची के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। मौके पर पहुंची फॉरेंसिक टीम ने भी घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए हैं।

मृतक बच्ची के पिता राजकुमार ने पुलिस को बताया कि गुरुवार रात परिवार के सभी सदस्य रोज की तरह खाना खाने के बाद सो गए थे। देर रात अचानक उसकी नींद खुली तो कमरे में पंखा बंद मिला। जब उसने आसपास देखा तो बेटी नैना अचेत अवस्था में पड़ी थी। राजकुमार के मुताबिक पत्नी की गतिविधियां संदिग्ध लग रही थीं, जिससे उसे अनहोनी की आशंका हुई, लेकिन सदमे और डर के कारण वह पूरी रात कुछ नहीं बोल सका। सुबह रिश्तेदारों के पहुंचने पर घटना की जानकारी दी गई और पुलिस को सूचना दी गई।

सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। पुलिस के अनुसार पूछताछ में महिला ने गुस्से में बच्ची की हत्या करने की बात स्वीकार की है। बताया जा रहा है कि राजकुमार मजदूरी कर अपनी वृद्ध मां, पत्नी और तीन बच्चों का पालन-पोषण करता था। पिछले कई दिनों से पति-पत्नी के बीच घरेलू विवाद चल रहा था। पुलिस का मानना है कि पारिवारिक कलह के चलते यह दर्दनाक घटना हुई।

Tags:    

Similar News