Jalaun News: खेत पर काम कर रहे किसान की आकाशीय बिजली गिरने से दर्दनाक मौत, गांव में मातम

Jalaun News: जालौन के कुठौंद क्षेत्र में खेत में खंभे गाड़ रहे किसान मान सिंह की आकाशीय बिजली गिरने से मौत हो गई। बारिश के दौरान हुए हादसे से परिवार में मातम छा गया।

By :  Afsar Haq
Update:2026-08-07 20:12 IST

Jalaun News

Jalaun News: जालौन में फसल की रखवाली के लिए खेत में खंभे गाड़ रहे किसान की आकाशीय बिजली की चपेट में आने से मौत हो गई। अचानक हुए हादसे से परिवार में चीख-पुकार मच गई।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, कुठौंद क्षेत्र निवासी मान सिंह पुत्र भुलई (50) शुक्रवार सुबह करीब 10 बजे फसल की रखवाली के लिए खेत में खंभे गाड़ने गए थे। बताया गया कि खेत में जानवरों से फसल बचाने के लिए तार लगाए जाने थे। इसी दौरान अचानक मौसम खराब हो गया और बारिश शुरू हो गई। बारिश के बीच तेज गरज-चमक के साथ आकाशीय बिजली गिरी, जिसकी चपेट में मान सिंह आ गए।बिजली गिरने से किसान गंभीर रूप से झुलसकर खेत में अचेत होकर गिर पड़े। काफी देर तक घर वापस नहीं लौटने पर परिजनों को चिंता हुई। परिवार के लोग उनकी तलाश करते हुए खेत पहुंचे तो मान सिंह को झुलसी हालत में अचेत पड़ा देखकर उनके होश उड़ गए।

परिजन आनन-फानन उन्हें लेकर प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र कुठौंद पहुंचे, जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया।मान सिंह की मौत से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा। उनके परिवार में दो बेटे और दो बेटियां हैं। दोनों बेटियों की शादी हो चुकी है, जबकि दोनों बेटों की शादी अभी नहीं हुई है। पिता की अचानक मौत से परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।किसान की मौत की खबर मिलते ही बड़ी संख्या में ग्रामीण उनके घर पहुंचे और परिजनों को ढांढस बंधाया। अचानक हुई इस घटना से पूरे गांव में मातम पसरा हुआ है।

Tags:    

Similar News