Jalaun News: पंचायत भवन में भीषण आग, कंप्यूटर-प्रिंटर और सरकारी दस्तावेज जलकर राख

Jalaun News: जालौन के ऐरी रमपुरा पंचायत भवन में भीषण आग से चार कंप्यूटर, प्रिंटर, फर्नीचर और सरकारी दस्तावेज जलकर राख, 20 लाख के नुकसान का अनुमान

By :  Afsar Haq
Update:2026-08-09 10:05 IST

Jalaun Panchayat Bhawan Fire News

Jalaun News: जालौन पंचायत भवन में रविवार सुबह संदिग्ध परिस्थितियों में अचानक भीषण आग लग गई। कुछ ही देर में आग ने विकराल रूप धारण कर लिया। हादसे में पंचायत भवन में रखे चार कंप्यूटर, दो फोटो कॉपी प्रिंटर, इनवर्टर, फर्नीचर समेत कई महत्वपूर्ण फाइलें और सरकारी दस्तावेज जलकर नष्ट होने की बात सामने आई है। ग्राम प्रधान के अनुसार आग से करीब 20 लाख रुपये के नुकसान का अनुमान है।

जानकारी के अनुसार डकोर ब्लॉक क्षेत्र की ग्राम पंचायत ऐरी रमपुरा स्थित पंचायत भवन से अचानक धुआं निकलता देख आसपास मौजूद ग्रामीणों में अफरा-तफरी मच गई। देखते ही देखते भवन के अंदर से आग की ऊंची लपटें उठने लगीं। आग की सूचना मिलते ही बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर पहुंच गए। ग्रामीणों ने अपने स्तर से बाल्टियों में पानी भरकर आग बुझाने का प्रयास किया, लेकिन आग की तीव्रता अधिक होने के कारण उन्हें सफलता नहीं मिली।

ग्रामीणों ने तत्काल फायर ब्रिगेड और पुलिस को घटना की जानकारी दी। सूचना मिलते ही दमकल की गाड़ी मौके पर पहुंची और दमकलकर्मियों ने आग बुझाने का मोर्चा संभाल लिया। करीब एक घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर पूरी तरह काबू पाया जा सका। हालांकि तब तक पंचायत भवन में रखा काफी सामान जलकर राख हो चुका था।

ग्राम प्रधान ओमकार पाल और ग्रामीणों के मुताबिक आग में चार कंप्यूटर, दो फोटो कॉपी प्रिंटर, इनवर्टर, फर्नीचर और पंचायत से संबंधित महत्वपूर्ण फाइलें व सरकारी अभिलेख नष्ट हुए हैं। प्रारंभिक तौर पर आग लगने का कारण शॉर्ट सर्किट माना जा रहा है। हालांकि पुलिस और दमकल विभाग की जांच के बाद ही वास्तविक कारण स्पष्ट हो सकेगा।घटना की जानकारी प्रशासन को दे दी गई है। राजस्व विभाग की टीम नुकसान का आकलन कर रही है। अधिकारियों के अनुसार जांच रिपोर्ट आने के बाद नुकसान का सही आंकड़ा सामने आएगा।

Tags:    

Similar News