Jalaun News: कोंच तहसील परिसर में होमगार्ड जवानों की दबंगई, युवक को जमीन पर गिराकर पीटा
Jalaun News: जालौन के कोंच तहसील परिसर में युवक को जमीन पर गिराकर होमगार्ड जवानों ने बेरहमी से पीटा, घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ।
कोंच तहसील परिसर में होमगार्ड जवानों की दबंगई, युवक को जमीन पर गिराकर पीटा (Photo- Newstrack)
Jalaun News: जालौन। कोंच तहसील परिसर में खाकी की दबंगई का शर्मनाक मामला सामने आया है। तहसीलदार की सुरक्षा में तैनात होमगार्ड जवानों द्वारा एक युवक की बेरहमी से पिटाई किए जाने का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। (इस वीडियो की पुष्टि न्यूज़ ट्रैक वेबसाइट नहीं करता) वीडियो सामने आने के बाद पुलिस और प्रशासन की कार्यप्रणाली पर सवाल खड़े होने लगे हैं।
होमगार्ड जवानों और युवक के बीच कहासुनी मारपीट में बदली
बताया जा रहा है कि कोंच तहसील परिसर में किसी बात को लेकर होमगार्ड जवानों और एक युवक के बीच कहासुनी हो गई। आरोप है कि जवानों ने युवक को पकड़कर जमीन पर गिरा दिया और उसके साथ लात-घूंसों से जमकर मारपीट की। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार युवक मानसिक रूप से कमजोर बताया जा रहा है, बावजूद इसके उसके साथ अमानवीय व्यवहार किया गया।
घटना के दौरान तहसील परिसर में मौजूद लोगों की भीड़ तमाशबीन बनी रही, जबकि किसी ने बीच-बचाव करने की कोशिश नहीं की। युवक की पिटाई का पूरा घटनाक्रम का वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर वायरल कर जो अब तेजी से वायरल हो रहा है। वीडियो में होमगार्ड जवान युवक को जमीन पर दबाकर मारते हुए साफ नजर आ रहे हैं।
स्थानीय लोगों में नाराजगी
मामला सामने आने के बाद स्थानीय लोगों में नाराजगी देखी जा रही है। लोगों का कहना है कि सुरक्षा व्यवस्था संभालने वाले जवानों का ऐसा व्यवहार बेहद दुर्भाग्यपूर्ण है। फिलहाल घटना को लेकर प्रशासन या पुलिस अधिकारियों की ओर से कोई आधिकारिक बयान जारी नहीं किया गया है। वहीं वायरल वीडियो के आधार पर मामले की जांच और संबंधित जवानों पर कार्रवाई की मांग उठने लगी है।