Jalaun News: शादी की खुशियां मातम में बदलीं, सड़क हादसे में किशोर की मौत
Jalaun News: जालौन में शादी का सामान लेकर लौट रहे बाइक सवारों को अज्ञात वाहन ने टक्कर मारी, हादसे में किशोर की मौत हुई और दो लोग गंभीर घायल हुए।
शादी की खुशियां मातम में बदलीं, सड़क हादसे में किशोर की मौत (Photo- Newstrack)
Jalaun News: घर में चल रही शादी की तैयारियों के बीच एक सड़क हादसे ने पूरे परिवार की खुशियां मातम में बदल दीं। शादी का सामान खरीदकर गांव लौट रहे बाइक सवारों को कैथी गांव के नजदीक सामने से आ रहे अज्ञात वाहन ने टक्कर मार दी, जिससे तीन लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। उपचार के दौरान एक किशोर की मौत हो गई, जबकि दो अन्य का इलाज जारी है।
शादी समारोह की तैयारियों के बीच आई बुरी खबर
जानकारी के अनुसार कोंच कोतवाली क्षेत्र के भेड़ गांव निवासी परिवार में शादी समारोह की तैयारियां चल रही थीं। युवक बाजार से शादी का सामान खरीदने के लिए गए थे। सोमवार की शाम सामान लेकर बाइक से वापस गांव लौटते समय रास्ते में अज्ञात वाहन ने उनकी बाइक में जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में समीर (17) पुत्र स्वर्गीय अरुण कुमार समेत तीन लोग गंभीर रूप से घायल हो गए।
दो घायलों की हालत गंभीर
घटना के बाद राहगीरों की मदद से सभी घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद हालत गंभीर होने पर मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया गया। मेडिकल कॉलेज में उपचार के दौरान समीर की मौत हो गई। वहीं अन्य दो घायलों की हालत गंभीर बनी हुई है और उनका इलाज चल रहा है।
सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। हादसे की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। गांव में शादी की खुशियां पल भर में गम में बदल गईं और परिवार ने औपचारिकता निभाते हुए शादी समारोह संपन्न कराया।