Jhansi News: भीषण गर्मी में पाली हाउस से बदली किस्मत, ओरछा के किसान भरत सिंह बने मिसाल

Jhansi News: ओरछा के किसान भरत सिंह ने पाली हाउस तकनीक से रंगीन शिमला मिर्च की खेती कर भीषण गर्मी में भी बढ़ाई आय, बने अन्य किसानों के लिए प्रेरणा।

Update:2026-05-06 17:52 IST

Jhansi News: बुंदेलखंड क्षेत्र में जहां तापमान 45-46 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच रहा है, वहीं मध्य प्रदेश के ओरछा निवासी प्रगतिशील किसान भरत सिंह ने आधुनिक खेती तकनीकों को अपनाकर विपरीत परिस्थितियों को अवसर में बदल दिया है। भीषण गर्मी के बीच उन्होंने पाली हाउस तकनीक के माध्यम से खेती में नई मिसाल कायम की है।

किसान भरत सिंह ने रानी लक्ष्मीबाई केंद्रीय कृषि विश्वविद्यालय, झांसी के उद्यानिकी एवं वानिकी महाविद्यालय के सब्जी विज्ञान विभाग के प्राध्यापक एवं विभागाध्यक्ष डॉ. राजेश कुमार सिंह से तकनीकी मार्गदर्शन प्राप्त किया। उनके सहयोग से भरत सिंह ने अपने खेत में एक एकड़ क्षेत्र में पाली हाउस स्थापित किया, जिससे उनके कृषि कार्य को नई दिशा मिली।

जहां अधिकांश किसान पारंपरिक रूप से हरी शिमला मिर्च की खेती करते हैं, वहीं भरत सिंह ने अपने पाली हाउस में उच्च गुणवत्ता वाली रंगीन शिमला मिर्च—विशेष रूप से पीली और लाल शिमला मिर्च—की सफल खेती शुरू की। इन उत्पादों को बाजार में बेहतर कीमत मिल रही है, जिससे उनकी आय में उल्लेखनीय वृद्धि हुई है।

भरत सिंह की सफलता केवल उनके व्यक्तिगत लाभ तक सीमित नहीं है। वे अपने अनुभव और तकनीकी ज्ञान को आसपास के किसानों के साथ साझा कर रहे हैं और उन्हें पाली हाउस तकनीक अपनाने के लिए प्रेरित कर रहे हैं। उनके प्रयासों से क्षेत्र के अन्य किसान भी आधुनिक सब्जी उत्पादन तकनीकों को अपनाकर अपनी आय बढ़ाने की दिशा में आगे बढ़ रहे हैं। इस प्रकार, भरत सिंह न केवल स्वयं प्रगति कर रहे हैं, बल्कि पूरे क्षेत्र में कृषि नवाचार और समृद्धि के प्रेरणास्रोत बनकर उभर रहे हैं।

Tags:    

Similar News