Jhansi News: अधिक उपज के लिए ककोड़ा की खेती में रखें नर-मादा पौधों का सही अनुपात: डॉ. आशुतोष सिंह

Jhansi News: झांसी के कृषि वैज्ञानिक डॉ. आशुतोष सिंह ने किसानों को ककोड़ा की खेती में नर और मादा पौधों का सही अनुपात रखने की सलाह दी है।

Update:2026-05-07 16:49 IST

Jhansi News

Jhansi News: रानी लक्ष्मीबाई केंद्रीय कृषि विश्वविद्यालय, झांसी के कृषि वैज्ञानिक डॉ. आशुतोष सिंह ने किसानों को ककोड़ा की व्यावसायिक खेती अपनाने की सलाह देते हुए कहा है कि यदि किसान नर एवं मादा पौधों का सही अनुपात बनाए रखें तो कम लागत में अधिक उत्पादन प्राप्त कर सकते हैं। उन्होंने बताया कि ककोड़ा की खेती विशेष रूप से गर्मी के मौसम में अधिक लाभकारी सिद्ध होती है तथा इसकी बुवाई जून माह के दूसरे सप्ताह से जुलाई के प्रथम सप्ताह तक उपयुक्त रहती है।

डॉ सिंह के अनुसार ककोड़ा का प्रवर्धन बीज, तना एवं कंद तीनों विधियों से किया जाता है, लेकिन अधिक उत्पादन के लिए नर-मादा पौधों का संतुलन अत्यंत आवश्यक है। चूंकि ककोड़ा में नर एवं मादा पौधे अलग-अलग होते हैं तथा फल केवल मादा पौधों में लगते हैं, इसलिए खेत में अधिक मादा पौधे होने पर उपज में उल्लेखनीय वृद्धि होती है।डॉ. सिंह ने बताया कि बीज द्वारा बुवाई जून-जुलाई में की जाती है। एक हेक्टेयर क्षेत्र के लिए 8 से 10 किलो बीज पर्याप्त होता है। बुवाई से पूर्व बीजों को बाविस्टीन या कार्बेन्डाजिम जैसे फफूंदनाशकों से उपचारित करना चाहिए। तैयार मेड़ों पर 2 सेमी गहराई में 2-3 बीज बोए जाते हैं तथा पौधों के बीच 1 से 2 मीटर की दूरी रखी जाती है। अंकुरण के बाद प्रत्येक स्थान पर केवल एक स्वस्थ पौधा रखना चाहिए। उन्होंने बताया कि बीज से उगाए गए पौधों में नर एवं मादा का अनुपात लगभग 1:1 होता है, इससे उत्पादन प्रभावित हो सकता है। इसलिए खेत में 8 मादा पौधों पर 1 नर पौधा रखना अधिक लाभकारी माना गया है।

उन्होंने बताया कि तना द्वारा प्रवर्धन बड़े स्तर पर खेती के लिए अधिक उपयुक्त विधि है। इसके लिए पहले स्वस्थ नर एवं मादा पौधों की पहचान की जाती है। चयनित लताओं के दो गाँठ वाले हिस्से को काटकर आई.बी.ए. 1500 पी.पी.एम. घोल से उपचारित कर पॉलीबैग या ट्रे में लगाया जाता है। लगभग 12 से 15 दिनों में जड़ें विकसित हो जाती हैं तथा 25 दिन बाद पौधों को खेत में 8:1 (मादा:नर) अनुपात में लगाया जा सकता है।कंद द्वारा बुवाई को भी किसानों के लिए अत्यंत प्रभावी तरीका बताया गया है। एक हेक्टेयर क्षेत्र में लगभग 2250 मादा एवं 250 नर कंदों की आवश्यकता होती है।

 वैज्ञानिक ने सलाह दी कि पिछले वर्ष ही नर एवं मादा पौधों की पहचान कर उन्हें चिन्हित कर लेना चाहिए। मानसून पूर्व जून माह में पुरानी जड़ों की रोपाई करते समय इस बात का विशेष ध्यान रखें कि एक नर पौधे के चारों ओर कम से कम 8 मादा पौधे लगाए जाएँ, इससे अधिकतम उत्पादन प्राप्त किया जा सके।कृषि वैज्ञानिक ने किसानों से अपील की है कि वैज्ञानिक विधि से ककोड़ा की खेती अपनाकर कम समय में अधिक आय अर्जित की जा सकती है।

Tags:    

Similar News