Jhansi News: सपा के पूर्व विधायक की 24 करोड़ से अधिक की संपत्ति कुर्क, ताबड़तोड़ हुआ एक्शन
Jhansi News: सपा के पूर्व विधायक दीपनारायण सिंह यादव व उनके चार सहयोगियों की अब तक 596 करोड़ की गई संपत्ति कुर्क
Jhansi SP Deepnarayan Singh Yadav and His Four Associates Assets worth Rs 596 crore attached
Jhansi News: झांसी। पुलिस और प्रशासन ने गरौठा से समाजवादी पार्टी के पूर्व विधायक दीपनारायण सिंह यादव के चार सहयोगियों की 24 करोड़ 28 लाख सैंतीस हजार से अधिक की संपत्ति डुग्गी पिटवाकर जब्त कर ली है। इनके खिलाफ गैंगस्टर एक्ट के तहत कार्रवाई की है। अब तक 596 करोड़ से अधिक की संपत्ति जब्त की गई है। प्रशासनिक और पुलिस अधिकारियों की मौजूदगी में संपत्ति कुर्की की कार्रवाई की गई। वहीं, इसी तरह सटोरियों की संपत्ति भी कुर्क किए जाने की संभावना है। इसकी भनक सटोरियें में लग चुकी है। इसको लेकर सत्तादल से जुड़े नेताओं व उनके गुर्गों में हड़कंप मचा हुआ है।
सरकार बनाम दीपनाराण सिंह उर्फ दीपक के तहत पुलिस ने सपा के पूर्व विधायक दीपनारायण सिंह व उनके सहयोगियों के खिलाफ गैंगस्टर एक्ट के तहत निरोधात्मक कार्रवाई की थी। एडीजी कानपुर जोन, आईजी झांसी परिक्षेत्र व एसएसपी के निर्देशन में उक्त मामले में 27 नवंबर 2022 से 13 दिसंबर 2025 तक पूर्व में 572 करोड़ की संपत्ति कुर्क की जा चुकी है। बताते हैं कि गैंगस्टर के मुकदमे की सुनवाई के दौरान न्यायालय में 30 अप्रैल को जिलाधिकारी ने गैंग में शामिल अशोक गोस्वामी, अभिषेक गोस्वामी, मुन्नालाल व कैलाश यादव की संपत्ति जब्त करने के आदेश दिए थे।
जिलाधिकारी के आदेश के बाद एसडीएम सदर, नायाब तहसीलदार, एसपी सिटी प्रीति सिंह, सीओ सिटी लक्ष्मीकांत गौतम, नवाबाद थाना प्रभारी निरीक्षक रवि श्रीवास्तव, इंस्पेक्टर क्राइम अतुल कुमार, एसएसआई प्रमोज कुमार, बुविवि चौकी प्रभारी निखिल कुमार सिंह की संयुक्त टीम ने करगुआं, भगवंतपुरा व बनगुंवा में मौजूद उक्त चारों आरोपियों की संपत्ति जब्त कर ली है। यह संपत्ति सहखातेधारकों के नाम थी। इसकी कीमत छह करोड़ सात लाख नौ हार तीन सौ रुपये मात्र व बाजारु कीमत 24 करोड़ 28 लाख 37 हजार दोसौ रुपये मात्र है।
बताते हैं कि गरौठा से सपा के पूर्व विधायक रहे दीपनारायण सिंह यादव लगातार फंसते जा रहे हैं। पुलिस के साथ जिला प्रशासन ने उनके खिलाफ सख्त एक्शन लिया है। पूर्व विधायक दीपनारायम सिंह यादव के खिलाफ 20 नवंबर के दिन डकैती समेत अन्य कई गंभीर धाराओं में केस दर्ज किया गया था। इसके पहले भी उनके खिलाफ कई केस दर्ज हैं। प्रशासनिक अधिकारियों के साथ मिलकर मेडिकल कालेज के पीछे महंगी जमीन को पहले जब्त किया गया था। इसके बाद भगवंतपुरा के पास कुछ जमीन को जब्त किया गया। इसी के साथ बरुआसागर थाना क्षेत्र में भी कुछ जमीन को जब्त किया गया था। तीनों जमीन पूर्व विधायक ने अनाधिकृत और अपराध से अर्जित की थी। बताते है कि अभियोग से संबंधित अभियुक्त दीपनारायण उर्फ दीपक व उनके भागीदारियों सहित अब तक 596 करोड़ रुपए की संपत्ति कुर्क की गई है।
इनकी संपत्ति की गई जब्त
बरुआसागर थाना क्षेत्र के ग्राम तिलैथा निवासी कैलाश नारायण यादव की करगुंवां, एस आर रेजीडेन्सी प्राइवेट लिमिटेड डायरेक्टर अशोक गोस्वामी निवासी 1050 ताज कंपाउंड नंदनपुरा, अशोक गोस्वामी, अशोक के बेटे अभिषेक गोस्वामी की करगुंवा व सदर बाजार थाना क्षेत्र के भगवंतपुरा निवासी मुन्नालाल की भगवंतपुरा में जमीन कुर्क की गई है। यह संपत्ति इन लोगों के खिलाफ नाम थी। यह कार्रवाई गैंगस्टर एक्ट के तहत की गई है।
सटोरियों को सताने लगा है भय
सट्टा खिलाने के मामले में गिरफ्तार किए गए सटोरियों को अब अपनी संपत्ति का भय सताने लगा है। आईपीएल सट्टा के मामले में फरार चल रहे सटोरियों की तलाश लगातार की जा रही है। सट्टा की आड़ में अवैध संपत्ति अर्जित करने वाले लोगों की सूची तैयार कर ली गई है। इन लोगों की संपत्ति जब्त करने की योजना बनाई जा रही है। इसको लेकर सटोरियों व उनके परिवार में हड़कंप मचा है।