Jhansi News: 664 बालिकाओं को लगाई गई HPV वैक्सीन, सर्वाइकल कैंसर से बचाव का सुरक्षित उपाय
Jhansi News: झांसी में विशेष एचपीवी टीकाकरण अभियान के तहत एक दिन में 664 किशोरियों को वैक्सीन लगाई गई, सर्वाइकल कैंसर से बचाव के लिए जागरूकता बढ़ाई गई।
664 बालिकाओं को लगाई गई HPV वैक्सीन, सर्वाइकल कैंसर से बचाव का सुरक्षित उपाय (Photo- Newstrack)
Jhansi News: सर्वाइकल कैंसर से बचाव हेतु किशोरियों के टीकाकरण में जनपद झांसी ने एक दिन में 664 बालिकाओं को एचपीवी का टीका लगाकर प्रगति की रफ्तार बढ़ाई है, यह जानकारी मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ शिशिर पुरी ने दी।
उन्होंने बताया कि सभी टीकाकरण सत्रों पर प्रत्येक महीने के तृतीय शुक्रवार को विशेष एचपीवी टीकाकरण अभियान चलाया जा रहा है, जिसमें एक ही दिन में 664 बालिकाओं को टीका लगाया गया। इस हेतु सभी स्वास्थ्य उपकेन्द्रों पर सत्र आयोजित किए गए। विकासखंड बंगरा में जनपद में सर्वाधिक 114 किशोरियों को 39 टीकाकरण सत्रों पर टीके लगाए गए। उन्होंने यह भी बताया कि यह वैक्सीन ह्यूमन पेपिलोमा वायरस के चार सर्वाधिक घातक स्वरूप टाइप 6, 11, 16 और 18 पर असरदार है।
उन्होंने बताया कि भारत में 83 प्रतिशत सर्वाइकल कैंसर के लिए टाइप एचपीवी 16 और टाइप एचपीवी 18 उत्तरदायी है। उन्होंने सभी माता-पिता से अनुरोध किया है कि जिनकी बेटियां 14 वर्ष आयु पूर्ण कर चुकी है एवं 15वां जन्मदिन अभी नहीं मनाया है, उन सभी बच्चियों को सर्वाइकल कैंसर से बचाव हेतु एचपीवी का टीका अवश्य लगवाएं।
जिला प्रतिरक्षण अधिकारी डॉ रविशंकर ने बताया कि एचपीवी का टीका अभी तक जिला महिला चिकित्सालय, सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्रों, नगरीय प्राथमिक स्वास्थ्य केन्द्रों व प्राथमिक स्वास्थ्य केन्द्रों में ही लगाया जा रहा था, परंतु अब एएनएम द्वारा प्रत्येक माह के तृतीय शुक्रवार को आयोजित टीकाकरण सत्रों पर एचपीवी का टीका लगाया जा रहा है।
इसके अतिरिक्त प्रत्येक रविवार को आयोजित होने वाले आयुष्मान आरोग्य मेले के साथ माह की 1, 9, 16 एवं 24 तारीख को आयोजित होने वाले प्रधानमंत्री सुरक्षित मातृत्व अभियान दिवस में भी एचपीवी का टीकाकरण किया जा रहा है।