Jhansi News: परिवार परामर्श केंद्र ने पांच जोड़ों को बिछड़ने से बचाया, परिवारों में लौटी खुशियां
Jhansi News: परिवार परामर्श केंद्र की पहल से पांच दंपतियों के बीच विवाद सुलझाया गया। परिवार टूटने से बचे और रिश्तों में फिर से खुशियां लौटीं।
Jhansi News(Photo-Social Media)
Jhansi News: छोटी-छोटी बातों से उपजे घरेलू विवाद जब पुलिस और अदालत तक पहुंच जाते हैं तो अक्सर रिश्ते टूटने की कगार पर पहुंच जाते हैं। एेसे ही नाजुक हालात में प्रेमनगर पुलिस की परामर्श केंद्र में तैनात महिला काउंसलर और पुलिस कर्मियों की टीम ने कई परिवारों के लिए उम्मीद की किरण बनकर लामने आई है। रविवार को आय़ोजित परिवार परामर्श केंद्र में पांच जोड़ों को बिछड़ने से बचाया है जबकि एक महिला ने पति के साथ रहने के लिए साफ इंकार कर दिया है।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक विकास कुमार, पुलिस अधीक्षक नगर प्रीति सिंह, सीओ सदर प्रिया सिंह के निर्देश पर महिलाओं के उत्पीड़न से संबंधित समस्याओं का मीडिएशन/काउंसलिंग कर उनकी समस्याओं के निराकरण हेतु सामाजिक संगठनों के पदाधिकारी एवं अन्य सदस्यों के समन्वय से सर्किल स्तर पर महिला सहायता प्रकोष्ठ (परिवार परामर्श केन्द्र) का गठन किया गया है। प्रत्येक रविवार को परामर्श केंद्र के माध्यम से पति-पत्नी के आपसी विवादों से जुड़े मामलों को चुना जाता है। इनमें अधिकतर शिकायतें घरेलू विवाद, मानसिक प्रताड़ना या छोटी-मोटी नोक-झोंक से जुड़ी होती हैं। शिकायत मिलने पर पुलिस दोनों पक्षों को बुलाकर शांतिपूर्वक उनकी बात सुनती है और काउंसलिंग के जरिए आपसी मतभेद सुलझाने का प्रयास करती है। कई मामलों में देखा गया कि मामूली विवाद भी जब पुलिस तक पहुंच जाता है तो परिवार टूटने की स्थिति बन जाती है, लेकिन परामर्श केंद्र की समझाइश से हालात संभल जाते हैं।
थाना प्रेमनगर में आज परामर्श दिवस पर सुनवाई तुलसीराम पाण्डेय प्रभारी निरीक्षक की अध्यक्षता में हुई। जिसमें सुनवाई में परामर्श समिति के समझाने पर पांच परिवारों का मिलन कराया गया। प्रभारी निरीक्षक ने सभी को यह बताया कि परिवार में प्रेम से रहें, छोटी छोटी बातों पर विवाद न करें, बड़ों का सम्मान करें। परामर्श दिवस पर समझौता के द्वारा मिलन कराया जा रहा है जो एक अच्छी पहल है। परामर्श से परिवारों का मिलन हो रहा है। जबकि एक मामले में आवेदिका ने लिखकर दिया है कि वह पति के साथ नहीं रहना चाहती है।
परिवार परामर्श केंद्र में यह है टीम
प्रेमनगर थाना प्रभारी निरीक्षक तुलसीराम पांडेय, उपनिरीक्षक अजमेर सिंह, महिला उपनिरीक्षक स्वाती शुक्ला, महिला हेड कांस्टेबल किरन देवी, महिला कांस्टेबल बिन्दु, श्रीमती प्रीति (एडवोकेट), सियाशरण चतुर्वेदी (प्रधानाचार्य राजपूत इण्टर कालेज), श्रीमती सुमन साहू (सदस्य) व पार्षद कुसुम कुशवाहा मौजूद रही।
क्या बोले एसपी सिटी ?
एसपी सिटी प्रीति सिंह ने बताया कि प्रेमनगर थाना पुलिस का परामर्श केंद्र हर रविवार को संचालित किया जा रहा है। यहां प्रशिक्षित महिला काउंसलर और पुलिसकर्मी पूरी संवेदनशीलता के साथ काम कर रहे हैं। उन्होंने बताया कि आज पांच मामलों में समझौता हुआ है, जो एक सराहनीय उपलब्धि है। झांसी पुलिस की यह पहल न सिर्फ कानून व्यवस्था को मजबूत कर रही है, बल्कि समाज में रिश्तों को बचाने का भी अहम काम कर रही है।