Jhansi News: झांसी रेल मंडल में 2 करोड़ की लागत से बनेगा नया तरण ताल

Jhansi News: डीआरएम अनिरुद्ध कुमार ने नवीन तरण ताल के निर्माण कार्य का शिलान्यास किया, रेलकर्मियों, परिवारों और खिलाड़ियों को मिलेंगी बेहतर खेल सुविधाएं।

Update:2026-08-22 22:33 IST

झांसी रेल मंडल में 2 करोड़ की लागत से बनेगा नया तरण ताल (Photo- Newstrack)

 Jhansi News: मंडल रेल प्रबंधक अनिरुद्ध कुमार ने कहा कि खेल और शारीरिक गतिविधियां स्वस्थ एवं सक्रिय जीवनशैली के लिए बेहद जरूरी हैं। खिलाड़ियों को अपनी प्रतिभा निखारने और बेहतर प्रदर्शन करने के लिए अच्छी खेल सुविधाओं और उचित वातावरण की जरूरत होती है। झांसी मंडल में बनने वाला नवीन तरण ताल खेल सुविधाओं के विकास की दिशा में एक महत्वपूर्ण उपलब्धि है। उन्होंने यह बात विधिवत पूजन-अर्चन के साथ नवीन तरण ताल के निर्माण कार्य का शिलान्यास करते हुए कही।

रेलकर्मियों और झांसीवासियों को मिलेगा लाभ

अनिरुद्ध कुमार ने कहा कि नवीन तरण ताल की सुविधा से रेलकर्मियों और उनके परिवारों के साथ-साथ झांसीवासियों को भी लाभ मिलेगा। इससे तैराकी के क्षेत्र में नई खेल प्रतिभाओं को आगे बढ़ने का अवसर मिलेगा। बेहतर सुविधा मिलने से खिलाड़ियों को अभ्यास के लिए उपयुक्त वातावरण उपलब्ध हो सकेगा और क्षेत्र में खेल गतिविधियों को भी बढ़ावा मिलेगा।

खेल सुविधाओं को बेहतर बनाने की दिशा में कदम

अपर मंडल रेल प्रबंधक परिचालन नंदीश शुक्ल ने बताया कि नवीन तरण ताल का निर्माण मंडल में खेल सुविधाओं को लगातार बेहतर बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है। मंडल खेलकूद संघ की ओर से रेलकर्मियों और खिलाड़ियों के लिए आधुनिक खेल सुविधाएं विकसित करने के उद्देश्य से लगातार प्रयास किए जा रहे थे। इन्हीं प्रयासों के फलस्वरूप इस परियोजना को स्वीकृति मिली है।

नंदीश शुक्ल ने कहा कि नवीन तरण ताल के निर्माण से मंडल में तैराकी गतिविधियों को बढ़ावा मिलेगा। इसके साथ ही रेलकर्मियों, उनके परिवारों और खिलाड़ियों को बेहतर खेल सुविधा उपलब्ध होगी। इससे झांसी क्षेत्र की खेल प्रतिभाओं को प्रोत्साहित करने और क्षेत्र में खेल संस्कृति को मजबूत करने में भी मदद मिलेगी।

करीब दो करोड़ रुपये की लागत से होगा निर्माण

नवीन तरण ताल का निर्माण खेल निधि से लगभग दो करोड़ रुपये की लागत से किया जाएगा। भविष्य में इस तरण ताल का संचालन मंडल खेलकूद संघ द्वारा ही किया जाएगा। यह परियोजना झांसी मंडल में खेल सुविधाओं के विकास और विस्तार के लिए मंडल खेलकूद संघ की ओर से किए जा रहे लगातार प्रयासों का परिणाम है।

शिलान्यास कार्यक्रम में अधिकारी, खिलाड़ी और कर्मचारी रहे मौजूद

नवीन तरण ताल के शिलान्यास कार्यक्रम में प्रेम प्रकाश शर्मा, अपर मंडल रेल प्रबंधक इंफ्रा, राजेश कुमार शर्मा, वरिष्ठ मंडल कार्मिक अधिकारी, नीरज भटनागर, वरिष्ठ वाणिज्य प्रबंधक फ्रेट, गिरीश कंचन, वरिष्ठ मंडल संरक्षा अधिकारी, सतबीर सिंह, वरिष्ठ मंडल विद्युत इंजीनियर टीआरडी, रविकान्त नवीन, मंडल इंजीनियर मुख्यालय एवं सहायक मंडल खेलकूद अधिकारी तथा प्रद्युम्न देवलिया, मंडल विद्युत इंजीनियर टीआरडी एवं सहायक खेलकूद अधिकारी मौजूद रहे। कार्यक्रम में प्रतीक मुजुमदार, मंडल खेलकूद सचिव सहित अन्य अधिकारी, खिलाड़ी और कर्मचारी भी उपस्थित रहे।

Tags:    

Similar News