Jhansi News: झांसी एसएसपी ने कहा, कानून तोड़ने वालों पर होगी सख्त कार्रवाई
Jhansi News: झांसी एसएसपी विकास कुमार ने कानून व्यवस्था और अपराध नियंत्रण को प्राथमिकता बताया। पुलिस कार्यालय का निरीक्षण कर समयबद्ध काम के निर्देश दिए।
झांसी एसएसपी ने कहा, कानून तोड़ने वालों पर होगी सख्त कार्रवाई (Photo- Newstrack)
Jhansi News: झांसी। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक विकास कुमार ने कहा कि कानून व्यवस्था को मेंटेन रखना, अपराध को कंट्रोल करना, यातायात व्यवस्था को दुरुस्त करना उनकी पहली प्राथमिकता रहेगी। यह बात पुलिस लाइन के सभागार में पत्रकारों से चर्चा करते हुए कही है।
एसएसपी ने कहा कि अपराधियों को भय दिखाकर अपराध को रोका जाएगा। रणनीति बनाकर जिले में अभियान चलाया जाएगा। उनका कहना है कि कानून का उल्लंघन करने वाले लोगों से सख्ती के साथ निपटा जाएगा। उन्होंने लोगों से भी अपील की कि आपराधिक गतिविधियों की जानकारी होने पर लोग उनसे मिलकर गोपनीय तरीके से सूचना दे सकते है। उन्होंने लोगों को भरोसा दिलाया कि उनकी सूचना पर कार्रवाई की जाएगी और आपराधिक गतिविधियों पर सख्ती के साथ कार्रवाई की जाएगी।
एसएसपी विकास कुमार 2017 बैच के आईपीएस बिहार के भोजपुर के रहने वाले है। उन्होंने ट्रेनिंग गोरखपुर में शुरु की थी। इसके बाद पुलिस कप्तान के रूप में उनकी पहली पोस्टिंग फर्रुखाबाद, बलरामपुर और अब तीसरी पोस्टिंग जिले के पुलिस कप्तान के रूप में जनपद झांसी में हुई। इसके अलावा वह आगरा सहित अन्य जिलों में एसपी सिटी के पद पर तैनात रहे।
पुलिस कार्यालय का निरीक्षण कर दिए निर्देश
नवांगतुक पुलिस कप्तान विकास कुमार ने पुलिस कार्यालय और सभी शाखाओं का निरीक्षण कर विभागीय कार्य करने के दिशा निर्देश दिए। नवागन्तुक वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक झाँसी विकास कुमार ने सोमवार को पुलिस कार्यालय, झाँसी पहुँचकर कार्यालय की विभिन्न शाखाओं का निरीक्षण किया गया।
निरीक्षण के दौरान वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक द्वारा संबंधित शाखाओं के अभिलेखों एवं पत्रावलियों का अवलोकन करते हुए उनके सुव्यवस्थित रख-रखाव एवं समयबद्ध निस्तारण के संबंध में आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए। साथ ही कार्यालयीन कार्यों की प्रगति की समीक्षा करते हुए संबंधित अधिकारियों एवं कर्मचारियों को अपने दायित्वों का निर्वहन पूर्ण निष्ठा, पारदर्शिता एवं समयबद्धता के साथ किए जाने हेतु निर्देशित किया गया। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ने कार्यालय में साफ-सफाई एवं कार्यस्थल की व्यवस्था का भी जायजा लिया गया तथा संबंधित को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए। निरीक्षण के दौरान पुलिस कार्यालय के अधिकारी एवं कर्मचारीगण उपस्थित रहे।