Jhansi News: झांसी में ट्रेन से माल गिराने वाली गैंग का पर्दाफाश, पांच गिरफ्तार
Jhansi News: आरपीएफ ने सीसीटीवी फुटेज के आधार पर पांच सदस्यों को पकड़ा, चार लाख से अधिक का माल, वाहन बरामद, मुख्य आरोपी समेत अन्य की तलाश जारी है।
झांसी में ट्रेन से माल गिराने वाली गैंग का पर्दाफाश, पांच गिरफ्तार (Photo- Newstrack)
Jhansi News: झांसी। रेल सुरक्षा बल ने ऐसी नई गैंग का पर्दाफाश किया, जिसने लगेजवान से माल गिराने के लिए अपना स्थान ही बदल दिया है। अब पुलिया नंबर नौ की जगह सीपरी बाजार थाना क्षेत्र में स्थित पाल कालोनी के पास बनाया है। गैंग के पांच सदस्यों को गिरफ्तार कर करीब चार लाख से अधिक का माल बरामद किया है। गैंग के सभी सदस्यों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया।
12621 तमिलनाडु एक्सप्रेस झांसी से चलकर नईदिल्ली की ओर जा रही थी। जैसे ही ट्रेन सीपरी बाजार थाना क्षेत्र के पाल कालोनी के पास पहुंची, तभी अज्ञात बदमाशों ने लगेजवान की सील तोड़कर माल गिरा दिया। इसकी सूचना रेल सुरक्षा बल को दी गई। इस मामले को वरिष्ठ मंडल सुरक्षा आयुक्त जितेंद्र कुमार शर्मा ने गंभीरता से लिया है। आरपीएफ कमांडेंट के निर्देश पर आरपीएफ टीम का गठन किया गया। इस टीम ने घटनास्थल का निरीक्षण किया। इसके बाद उक्त इलाके में लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज लिए। फुटेज के आधार पर बदमाशों व वाहनों की तलाश शुरु की।
तभी सूचना मिली कि पुलिया नंबर नौ के कब्रिस्तान के पास रहने वाले एक युवक के मकान में चोरी का माल रखा है। इसी मकान में गैंग के सदस्य छिपे हुए हैं। इस सूचना पर वीरांगना लक्ष्मीबाई झांसी रेलवे स्टेशन आरपीएफ के थाना प्रभारी योगेश राना ने मय स्टॉफ के वहां छापेमार की कार्रवाई की। कार्रवाई से वहां हड़कंप मच गया। टीम ने पांच सदस्यों को मय माल समेत पकड़ लिया। पूछताछ के दौरान युवकों ने चोरी करने की बात स्वीकार की है। कमरे से सात बोरे इलायची, इनमें एक पुराना बोरा भी शामिल है। इसके अलावा साठ किलो हौजरी की सामग्री बरामद की गई। इसकी कीमत साढ़े चार लाख से अधिक है।
इस गैंग के मास्टर माइंड व गुर्गों की हो रही है तलाश
इस गैंग का मास्टर माइंड हार्ड क्रिमिनल है। वह सिपाही समेत अन्य लोगों पर हमला कर चुका है। इसने इलाहाबादी मोहल्ला छोड़कर कब्रिस्तान के पास तीन मकान खरीद लिए हैं। इन्हीं मकानों में वह चोरी का माल रखता है। वह कई सालों से चोरी की वारदातों को अंजाम दे रहा है। पहले यह खुद अपनी गैंग चलाकर इलाहाबादी पुलिया नंबर नौ से निकली मुंबई रेलवे लाइन पर माल गिराता था। इस माल को वह कई स्थानों पर बेचा करता है। अभी तक इसके पास करोड़ों की संपत्ति है।
प्लास्टिक की पिस्टल लेकर रेलयात्रियों को धमकाया
बताते हैं कि जैसे ही तमिलनाडु एक्सप्रेस ग्रासलैंड से परवई जाने वाले रास्ते से निकली रेलवे लाइन के पास पहुंची, तभी ट्रेन में सवार एक व्यक्ति ने चेन पुलिंग कर दी थी। जैसे ही ट्रेन रुकी तो गैंग का मास्टर माइंड मोटर साइकिल पर सवार होकर रेलवे क्रासिंग के पास पहुंचा और दिव्यांग कोच के गेट के पास बैठे युवकों पर प्लास्टिक की पिस्टल लेकर धमकाया और गेट बंद करने को कहा। गेट बंद न करने पर गोली मारने की धमकी दी। धमकी से परेशान रेलयात्रियों ने तत्काल प्रभाव से गेट बंद कर दिया था।
इनको किया गिरफ्तार
मध्य प्रदेश के निवाड़ी के थाना ओरछा के ग्राम सत्तार निवासी पंकज अहिरवार, प्रेननगर थाना क्षेत्र के श्रीनगर में रहने वाले जितेंद्र कुमार, दीनानाथ, ओंमकार व दीपक वाल्मीकि को गिरफ्तार कर लिया।
यह सामग्री बरामद
चार किलोग्राम इलायची, साठ किलोग्राम होजरी, चोरी में प्रयुक्त की गई सीएनजी ऑटो, एक अपाचे मोटर साइकिल व एक पल्सर मोटर साइकिल बरामद की गई।
माल गिराने वाली गैंग पर होगी कड़ी कार्रवाई
रेल सुरक्षा बल के वरिष्ठ मंडल सुरक्षा आयुक्त जितेंद्र कुमार शर्मा ने कहा है कि माल गिराने वाली गैंग के खिलाफ अभियान शुरु कर दिया है। पूर्व में जितने गैंग के नाम प्रकाश में आए थे। उन गैंग का सत्यापन शुरु कर दिया है। उन्होंने बताया कि यह भी पता लगाया जा रहा है कि गैंग के सदस्यों को किन-किन लोगों द्वारा शरण दिया जा रहा है।
एेसे सदस्यों की तलाश की जा रही है। आरपीएफ कमांडेंट का कहना है कि गैंग के मास्टर माइंड की सरगर्मी से तलाश की जा रही है। एेसे मास्टर माइंड की गैंग कापूरी तरह से सफाया कराया जाएगा। उनका कहना है कि गैंग के गुर्गे कहीं भी छिपे होंगे, उनको वहां से गिरफ्तार करने का प्रयास किया जाएगा। इसके लिए टीमें गठित की गई है।