Jhansi News: झांसी में 9 अगस्त को यूपीएसएससी परीक्षा, 18 केंद्रों पर 7176 अभ्यर्थी होंगे शामिल

Jhansi News: झांसी में 9 अगस्त 2026 को यूपीएसएससी प्राविधिक सहायक ग्रुप-सी मुख्य परीक्षा आयोजित होगी। 18 परीक्षा केंद्रों पर 7176 अभ्यर्थी शामिल होंगे। प्रशासन ने नकल रोकने और परीक्षा को पारदर्शी बनाने के लिए सख्त दिशा-निर्देश जारी किए हैं।

Update:2026-08-06 19:23 IST

Jhansi News

Jhansi News: नोडल अधिकारी/अपर जिलाधिकारी प्रशासन शिव प्रताप शुक्ल की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट स्थित नवीन सभागार में बैठक आयोजित की गई। बैठक में 9 अगस्त 2026 को उत्तर प्रदेश अधीनस्थ सेवा चयन आयोग, लखनऊ द्वारा आयोजित प्राविधिक सहायक ग्रुप-सी मुख्य परीक्षा (प्रा.अ.प.-2025) की तैयारियों की समीक्षा की गई।मुख्य परीक्षा (लिखित) जनपद के 18 परीक्षा केंद्रों पर एक पाली में पूर्वाह्न 10:00 बजे से दोपहर 12:00 बजे तक आयोजित होगी।

बैठक में नोडल अधिकारी शिव प्रताप शुक्ल ने निर्देश दिए कि परीक्षा से संबंधित सभी व्यवस्थाएं सीसीटीवी कैमरों की निगरानी में सुनिश्चित की जाएं। साथ ही सीसीटीवी रिकॉर्डिंग को सुरक्षित रखा जाए, ताकि आवश्यकता पड़ने पर भविष्य में उसका अवलोकन किया जा सके।उन्होंने कहा कि परीक्षा के दौरान किसी भी स्थिति में नकल बर्दाश्त नहीं की जाएगी। डुप्लीकेट परीक्षार्थियों को परीक्षा में शामिल होने से रोकने के लिए कक्ष निरीक्षक एडमिट कार्ड की गंभीरता से जांच करें।जनपद में आयोजित होने वाली इस एक दिवसीय परीक्षा में 18 परीक्षा केंद्रों पर कुल 7176 अभ्यर्थी शामिल होंगे। संबंधित सेक्टर मजिस्ट्रेट और स्टैटिक मजिस्ट्रेट को निर्देश दिए गए कि वे परीक्षा केंद्रों का सत्यापन कर सभी व्यवस्थाएं समय से पूर्ण कर लें।उन्होंने कहा कि परीक्षा केंद्रों पर सीसीटीवी कैमरा, वॉयस रिकॉर्डर, विद्युत व्यवस्था, पेयजल, शौचालय, रैंप सहित सभी आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध होनी चाहिए।

परीक्षा की शुचिता बनाए रखने और इसे पारदर्शी एवं नकलविहीन संपन्न कराने के लिए प्रशिक्षण के दौरान स्पष्ट निर्देश दिए गए कि परीक्षा केंद्र के अंदर मोबाइल फोन, एंड्रॉयड फोन और अन्य इलेक्ट्रॉनिक गैजेट पूरी तरह प्रतिबंधित रहेंगे। कोई भी कर्मचारी मोबाइल फोन लेकर परीक्षा केंद्र में प्रवेश नहीं करेगा।नकलविहीन परीक्षा के लिए परीक्षार्थियों की सावधानीपूर्वक तलाशी लेने के निर्देश दिए गए। विशेष रूप से महिला परीक्षार्थियों की तलाशी केवल महिला शिक्षिका द्वारा ही लिए जाने को कहा गया। इसके अलावा परीक्षार्थियों के सामान को सुरक्षित रखने के लिए केंद्र व्यवस्थापक द्वारा निःशुल्क व्यवस्था करने के निर्देश दिए गए।परीक्षा केंद्रों पर पर्याप्त पुलिस बल की उपलब्धता सुनिश्चित करने के लिए एसपी सिटी से भी अनुरोध किया गया।

उत्तर प्रदेश अधीनस्थ सेवा चयन आयोग के सदस्य राजवन्त सिंह यादव ने बताया कि 9 अगस्त 2026 को जनपद में प्राविधिक सहायक ग्रुप-सी मुख्य परीक्षा (लिखित) आयोजित होगी। परीक्षा एक पाली में 18 केंद्रों पर संपन्न कराई जाएगी, जिसमें 7176 अभ्यर्थी शामिल होंगे।उन्होंने कहा कि परीक्षा के दौरान बड़ी संख्या में अभ्यर्थियों का आवागमन होगा। किसी भी प्रकार की अव्यवस्था से बचने के लिए रेलवे और परिवहन विभाग के अधिकारी समय रहते सभी तैयारियां पूरी कर लें।इस अवसर पर एसपी सिटी श्रीमती प्रीति सिंह, जिला विद्यालय निरीक्षक श्रीमती रति वर्मा, जीआईसी के प्रधानाचार्य सतीश कुमार सिंह, संस्था प्रबंधक अवधेश गौर, संस्था-सी प्रबंधक प्रशांत दीक्षित, मिलन गुप्ता सहित सेक्टर/स्टैटिक मजिस्ट्रेट, परीक्षा केंद्रों के प्रधानाचार्य और केंद्र व्यवस्थापक उपस्थित रहे।

Tags:    

Similar News