Jhansi News: विधायक रवि शर्मा ने पीएम-सीएम की अपील पर शुरू किया ईवी स्कूटी उपयोग

Jhansi News: झांसी में विधायक रवि शर्मा ने शहर के भीतर ईवी स्कूटी का उपयोग शुरू किया। उन्होंने पीएम मोदी और सीएम योगी की ऊर्जा बचत अपील का समर्थन करते हुए ईंधन संरक्षण का संदेश दिया।

Update:2026-05-15 16:04 IST

Jhansi News(Photo-Social Media)

Jhansi News: वैश्विक आर्थिक परिस्थितियों के बीच प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की अपील का असर अब जनप्रतिनिधियों पर भी दिखाई देने लगा है। इसी क्रम में झांसी सदर विधायक रवि शर्मा ने पेट्रोल की बचत और ऊर्जा संरक्षण को ध्यान में रखते हुए ईवी स्कूटी का उपयोग शुरू कर दिया है। विधायक रवि शर्मा शहर के भीतर होने वाले कार्यक्रमों में अब ईवी स्कूटी से पहुंच रहे हैं। शुक्रवार को वे शहर के विभिन्न हिस्सों में स्कूटी से भ्रमण पर निकले, इस दौरान उनके साथ उनका सुरक्षाकर्मी भी स्कूटी पर पीछे सवार दिखाई दिया।

विधायक ने बताया कि वे लंबी दूरी की यात्रा के लिए ही चार पहिया वाहन का उपयोग करेंगे, जबकि स्थानीय और शहर के भीतर की यात्राओं के लिए केवल ईवी स्कूटी का ही प्रयोग करेंगे। उन्होंने कहा कि वर्तमान समय में कई देश युद्ध और आर्थिक संकट का सामना कर रहे हैं, जिससे ईंधन की आपूर्ति प्रभावित हो रही है। ऐसे में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने ऊर्जा संरक्षण और ईंधन बचत की अपील की है।

रवि शर्मा ने कहा कि प्रधानमंत्री स्वयं सीमित वाहनों का उपयोग कर सादगी का संदेश दे रहे हैं। ऐसे में जनप्रतिनिधियों की भी जिम्मेदारी बनती है कि वे ऊर्जा संरक्षण की दिशा में कदम बढ़ाएं। उन्होंने यह भी कहा कि ईवी स्कूटी जैसे विकल्प अपनाकर न केवल ईंधन की बचत की जा सकती है, बल्कि पर्यावरण संरक्षण में भी योगदान दिया जा सकता है।

Tags:    

Similar News