Jhansi News: रेलवे की सफलता टीमवर्क और समर्पण पर आधारितः डीआरएम
Jhansi News: झांसी मंडल में उत्कृष्ट कार्य करने वाले 85 परिचालन कर्मचारियों को डीआरएम ने सम्मानित किया। सुरक्षित रेल संचालन और समय पालन पर दिया जोर।
रेलवे की सफलता टीमवर्क और समर्पण पर आधारितः डीआरएम (Photo- Newstrack)
Jhansi News: झांसी। मंडल रेल प्रबंधक अनिरुद्ध कुमार ने कहा कि रेलवे की सफलता टीमवर्क, सतर्कता एवं समर्पण पर आधारित है। सभी कर्मचारियों को सुरक्षित रेल संचालन को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए आपसी समन्वय एवं जिम्मेदारी के साथ कार्य करना चाहिए, जिससे यात्रियों एवं ग्राहकों को बेहतर एवं विश्वसनीय रेल सेवाएं उपलब्ध कराई जा सकें। यह बात उन्होंने उत्कृष्ट योगदान देने वाले परिचालन विभाग के कर्मचारियों को सम्मानित करते हुए कही हैं।
उन्होंने कहा कि झांसी मंडल का परिचालन विभाग निरंतर उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए नई उपलब्धियां अर्जित कर रहा है, जो मंडल के लिए गौरव का विषय है। उन्होंने कहा कि मालगाड़ियों के सुचारू संचालन, समय पालन एवं यात्री सुविधाओं को बेहतर बनाए रखने में परिचालन विभाग की महत्वपूर्ण भूमिका रहती है।
मंडल रेल प्रबंधक ने यह भी कहा कि कर्मचारियों की मेहनत एवं प्रतिबद्धता के कारण ही झांसी मंडल ने वित्त वर्ष 2025–26 में मालभाड़ा लदान एवं समय पालन के क्षेत्र में उल्लेखनीय उपलब्धियां हासिल की हैं। इस प्रकार के सम्मान कार्यक्रम कर्मचारियों को और अधिक उत्साह एवं प्रेरणा प्रदान करते हैं, जिससे वे भविष्य में भी उत्कृष्ट कार्य करते रहें।
कर्मचारियों को उनके उल्लेखनीय योगदान के लिए सम्मानित किया गया
झांसी मंडल द्वारा वित्त वर्ष 2025–26 में मालभाड़ा लदान, समय पालन तथा सुरक्षित एवं सुचारू रेल संचालन में उत्कृष्ट योगदान देने वाले परिचालन विभाग के कर्मचारियों को सम्मानित किया गया। मंडल रेल प्रबंधक अनिरुद्ध द्वारा परिचालन विभाग के अंतर्गत कार्यरत लगभग 85 कर्मचारियों को उनके उत्कृष्ट कार्य निष्पादन, कर्तव्यनिष्ठ एवं उल्लेखनीय योगदान के लिए प्रशस्ति पत्र एवं प्रोत्साहन राशि प्रदान कर सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम के दौरान अपर मंडल रेल प्रबंधक (परिचालन) नंदीश शुक्ल, अपर मंडल रेल प्रबंधक (इंफ्रा) पी. पी. शर्मा, वरिष्ठ मंडल संरक्षा अधिकारी गिरीश कंचन, मंडल परिचालन प्रबंधक (इंचार्ज) उर्वशी कुमारी, मंडल परिचालन प्रबंधक उर्वशी शेखावत सहित अन्य अधिकारीगण एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।