Jhansi News: अटल आवासीय विद्यालयों में आईटी और कंप्यूटर साइंस शिक्षा पर योगी सरकार का जोर

Jhansi News: योगी सरकार ललितपुर के अटल आवासीय विद्यालय में निर्माण श्रमिकों के बच्चों को आईटी और कंप्यूटर साइंस की शिक्षा देने पर विशेष जोर दे रही है। नए सत्र में कंप्यूटर साइंस विषय शुरू किया जाएगा।

Update:2026-05-25 19:35 IST

Jhansi News: उत्तर प्रदेश की योगी सरकार झांसी मंडल के पंजीकृत निर्माण श्रमिकों के बच्चों को सीबीएसई पैटर्न पर गुणवत्तापूर्ण शिक्षा प्रदान करने के मकसद से ललितपुर जनपद के धौर्रा में अटल आवासीय विद्यालय का संचालन कर रही है। झांसी मंडल के ललितपुर जिले में स्थित अटल आवासीय विद्यालय में शिक्षण सत्र 2026-27 के लिए कक्षा 6 एवं कक्षा 9 में 224 विद्यार्थियों का प्रवेश लिया गया है। विद्यालय में झांसी, ललितपुर और जालौन जिलों में उत्तर प्रदेश भवन एवं अन्य सन्निर्माण कर्मकार कल्याण बोर्ड के अंतर्गत पंजीकृत निर्माण श्रमिकों के बच्चे एवं कोविड - 19 के दौरान कोरोना से निराश्रित हुए बच्चे तथा मुख्यमंत्री बाल सेवा योजना के अंतर्गत पात्र बच्चे प्रवेश के लिए आवेदन करते हैं।

अटल आवासीय विद्यालय धौर्रा ललितपुर का उद्घाटन वर्ष 2023 में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने वर्चुअल माध्यम से किया था। योगी सरकार विद्यालय में निरंतर सुविधाओं का विस्तार करते हुए पंजीकृत निर्माण श्रमिकों एवं मुख्यमंत्री बाल सेवा योजना के पात्र योजना के बच्चों को गुणवत्तापूर्ण निशुल्क शिक्षा प्रदान करने के मकसद से अटल आवासीय विधायक का संचालन कर रही है।

सरकार इस विद्यालय में बच्चों को आईटी और कम्प्यूटर साइंस की शिक्षा प्रदान करने पर विशेष ध्यान दे रही है। यहां वर्ष 2025-26 में हुई हाईस्कूल की परीक्षा में विद्यार्थियों को विषय के रूप में आईटी का विकल्प उपलब्ध कराया गया था। इस वर्ष 2026-27 में शुरू होने जा रहे ग्यारहवीं कक्षा में कम्प्यूटर साइंस का विषय विकल्प के रूप में उपलब्ध कराया जाएगा। कम्प्यूटर शिक्षण के लिए विद्यालय में पीजीटी कम्प्यूटर शिक्षक का पद सृजित किया गया है। पीजीटी कम्प्यूटर शिक्षक के पद पर गेस्ट फैकल्टी के रूप में एक वर्ष के लिए भर्ती की जाती है। वर्तमान शिक्षण सत्र 2026-27 के लिए पीजीटी कम्प्यूटर साइंस के गेस्ट फैकल्टी के पद के लिए 10.06.2026 तक आवेदन विद्यालय को भेजे जा सकते हैं।

ललितपुर के अटल आवासीय विद्यालय में झांसी मंडल के तीनों जिलों झांसी, ललितपुर और जालौन के 847 विद्यार्थी अध्ययनरत है। इन विद्यार्थियों में से 136 विद्यार्थी हाईस्कूल की परीक्षा उत्तीर्ण कर चुके हैं और हिमांशु सिंह ने 88 प्रतिशत अंक प्राप्त किए हैं। विद्यालय में बालक और बालिकाओं के लिए निशुल्क आवासीय और भोजन की सुविधा उपलब्ध है।

विद्यालय के प्रधानाचार्य जिया लाल ने बताया कि निर्माण श्रमिकों के बच्चों के लिए ललितपुर में संचालित अटल आवासीय विद्यालय में झांसी मंडल के 847 विद्यार्थी अध्ययनरत हैं। अभी हुई हाईस्कूल की परीक्षा में विद्यार्थियों ने बेहतर प्रदर्शन किया है। विद्यालय में विद्यार्थियों के बेहतर भविष्य को देखते हुए आईटी और कम्प्यूटर साइंस विषयों का विकल्प उपलब्ध कराया गया है और उन्हें इन विषयों को चयनित करने के लिए प्रेरित किया जा रहा है।

Tags:    

Similar News