Kanpur Dehat News: माती इको पार्क में विकसित भारत संकल्प सम्मेलन, 12 वर्षों की उपलब्धियां प्रदर्शित
Kanpur Dehat News: कानपुर देहात के माती इको पार्क में विकसित भारत संकल्प सम्मेलन का भव्य आयोजन किया गया। कार्यक्रम में सरकार के 12 वर्षों की प्रमुख उपलब्धियों, विकास कार्यों और जनकल्याणकारी योजनाओं को प्रदर्शित किया गया।
Kanpur Dehat News(Photo-Social Media)
Kanpur Dehat News: केंद्र सरकार के सफल 12 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में बुधवार को जनपद के माती स्थित इको पार्क में 'सेवा, संस्कार, सुशासन एवं सम्मान' थीम पर आधारित 'विकसित भारत संकल्प सम्मेलन एवं विकास प्रदर्शनी' का भव्य आयोजन किया गया। कार्यक्रम में केंद्र और प्रदेश सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं, विकास कार्यों तथा उपलब्धियों को व्यापक रूप से प्रदर्शित किया गया।
जनप्रतिनिधियों और अधिकारियों की रही मौजूदगी
सम्मेलन में मुख्य अतिथि के रूप में प्रदेश सरकार के कैबिनेट मंत्री राकेश सचान, राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) अजीत सिंह पाल तथा राज्य मंत्री प्रतिभा शुक्ला शामिल हुए। इसके अलावा जिला पंचायत अध्यक्ष नीरज रानी, रसूलाबाद विधायक पूनम संखवार, भाजपा जिलाध्यक्ष रेणुका सचान समेत कई जनप्रतिनिधियों ने सहभागिता की। प्रशासनिक स्तर पर जिलाधिकारी कपिल सिंह, पुलिस अधीक्षक श्रद्धा नरेंद्र पांडेय, मुख्य विकास अधिकारी विधान जायसवाल और अपर जिलाधिकारी (प्रशासन) अमित कुमार सहित विभिन्न विभागों के वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे।
दीप प्रज्ज्वलन के साथ हुआ शुभारंभ
कार्यक्रम का शुभारंभ जनप्रतिनिधियों एवं जिलाधिकारी द्वारा दीप प्रज्ज्वलन कर किया गया। इस दौरान उपस्थित लोगों को विकसित भारत के निर्माण का संकल्प भी दिलाया गया। मंच से वक्ताओं ने केंद्र सरकार के 12 वर्षों के कार्यकाल में देश और प्रदेश में हुए विकास कार्यों, जनकल्याणकारी योजनाओं तथा आधारभूत संरचना के क्षेत्र में हुए बदलावों पर विस्तार से चर्चा की।
अंतिम व्यक्ति तक पहुंच रहा योजनाओं का लाभ
जनप्रतिनिधियों ने अपने संबोधन में कहा कि प्रधानमंत्री और मुख्यमंत्री के नेतृत्व में सरकार की योजनाओं का लाभ समाज के अंतिम पायदान पर खड़े व्यक्ति तक पहुंच रहा है। उन्होंने शिक्षा, स्वास्थ्य, महिला सशक्तिकरण, किसान कल्याण, प्रधानमंत्री आवास योजना, स्वच्छता अभियान, सामाजिक सुरक्षा और रोजगार सृजन जैसे क्षेत्रों में हुए कार्यों को सरकार की बड़ी उपलब्धियां बताया।
विभागीय स्टॉलों पर मिली योजनाओं की जानकारी
सम्मेलन के दौरान कृषि, स्वास्थ्य, पंचायतीराज, समाज कल्याण, बाल विकास एवं पुष्टाहार, ग्रामीण विकास, उद्योग, उद्यान, विद्युत, पुलिस, वन, खादी एवं ग्रामोद्योग, नेडा और आरसेटी सहित विभिन्न विभागों द्वारा स्टॉल लगाए गए। इन स्टॉलों के माध्यम से आम नागरिकों को सरकारी योजनाओं की जानकारी दी गई तथा पात्र लाभार्थियों को मौके पर ही योजनाओं से जोड़ने की प्रक्रिया भी पूरी की गई। जनप्रतिनिधियों और जिलाधिकारी ने स्टॉलों का निरीक्षण कर अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश भी दिए।
गोदभराई और अन्नप्राशन कार्यक्रम बने आकर्षण
कार्यक्रम में सामाजिक सरोकार से जुड़े कई आयोजन भी किए गए। जनप्रतिनिधियों ने गर्भवती महिलाओं की गोदभराई की तथा नवजात बच्चों का अन्नप्राशन संस्कार संपन्न कराया। इसके साथ ही विभिन्न योजनाओं के लाभार्थियों को प्रमाण पत्र, स्वीकृति पत्र, आर्थिक सहायता के चेक, पोषण पोटली, आयुष्मान कार्ड और अन्य सहायता सामग्री वितरित की गई।
सांस्कृतिक कार्यक्रमों ने बांधा समां
सम्मेलन में विकास यात्रा पर आधारित लघु फिल्मों और पीपीटी का प्रदर्शन किया गया। विभिन्न सांस्कृतिक कार्यक्रमों के माध्यम से सरकारी योजनाओं और सामाजिक संदेशों को प्रभावी ढंग से आमजन तक पहुंचाया गया। कार्यक्रम स्थल पर बनाया गया विशेष सेल्फी प्वाइंट भी लोगों के आकर्षण का केंद्र रहा, जहां जनप्रतिनिधियों और अधिकारियों ने तस्वीरें खिंचवाईं।
विभिन्न विभागों के अधिकारियों ने निभाई अहम भूमिका
कार्यक्रम के सफल आयोजन में विभिन्न विभागों ने समन्वित भूमिका निभाई। इस अवसर पर मुख्य चिकित्साधिकारी, जिला विकास अधिकारी, उप निदेशक कृषि, उपायुक्त उद्योग, उपायुक्त मनरेगा, बेसिक शिक्षा अधिकारी, जिला पंचायत राज अधिकारी, खादी ग्रामोद्योग अधिकारी, जिला उद्यान अधिकारी, मुख्य पशु चिकित्साधिकारी तथा मुख्य कार्यकारी अधिकारी जिला पंचायत सहित बड़ी संख्या में अधिकारी, कर्मचारी और प्रबुद्ध नागरिक उपस्थित रहे। कार्यक्रम के अंत में सभी आगंतुकों और सहयोगियों के प्रति आभार व्यक्त किया गया।