Kanpur Dehat News: CDO का सख्त रुख, 10 कर्मचारी गैरहाजिर मिले; एक दिन का वेतन रोका, स्पष्टीकरण तलब

Kanpur Dehat News: कानपुर देहात में CDO के औचक निरीक्षण में 10 कर्मचारी गैरहाजिर मिले, एक दिन का वेतन रोककर स्पष्टीकरण तलब किया गया।

Update:2026-08-20 15:17 IST

Kanpur Dehat News: ​विकास भवन में कार्यालयीय व्यवस्थाओं को दुरुस्त करने और जनसामान्य को त्वरित सेवाएं उपलब्ध कराने के उद्देश्य से मुख्य विकास अधिकारी (CDO) विधान जायसवाल ने गुरुवार को विभिन्न विभागीय कार्यालयों का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान बायोमेट्रिक और उपस्थिति पंजिका की जांच में बिना पूर्व सूचना अनुपस्थित मिले 10 अधिकारियों व कर्मचारियों पर गाज गिरी है। सीडीओ ने सभी अनुपस्थित कर्मियों का एक दिन का वेतन रोकते हुए स्पष्टीकरण तलब करने के कड़े निर्देश दिए हैं।

​इन कर्मचारियों पर हुई कार्रवाई

निरीक्षण के दौरान समाज कल्याण विभाग की चतुर्थ श्रेणी कर्मचारी श्रीमती पूजा, जिला पंचायत राज अधिकारी कार्यालय के कनिष्ठ सहायक सुरेंद्र बहादुर व अश्वनी त्रिवेदी (डीसी, SBM), उपायुक्त स्वतः रोजगार कार्यालय की डीएमएम निखा सचन, डीएमएम पूजा वर्मा व अंकित तथा लघु सिंचाई कार्यालय के प्रधान सहायक राकेश कुमार सचन, कनिष्ठ सहायक शशिकांत वर्मा, कनिष्ठ सहायक हिमांशु कुमार जायसवाल व चतुर्थ श्रेणी कर्मचारी कमलेश कनौजिया अनुपस्थित पाए गए।

​इसके अलावा कृषि विभाग के मोहित मिश्रा आकस्मिक अवकाश पर तो थे, लेकिन उन्होंने मानव संपदा पोर्टल पर सक्षम अधिकारी से स्वीकृति नहीं ली थी। वहीं ग्रामीण अभियंत्रण विभाग के चतुर्थ श्रेणी कर्मचारी महेंद्र वर्मा बिना किसी सूचना के गायब मिले।

​जनशिकायतों के निस्तारण और समयबद्धता पर जोर

मुख्य विकास अधिकारी ने सख्त लहजे में कहा कि शासन की प्राथमिकताओं और जनकल्याणकारी योजनाओं के क्रियान्वयन में किसी भी प्रकार की शिथिलता बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने निर्देश दिए कि:

​कार्यालयों में आने वाले फरियादियों के साथ संवेदनशील और सकारात्मक व्यवहार किया जाए।

​जनशिकायतों का निस्तारण गुणवत्तापूर्ण और समयबद्ध सीमा के भीतर हो।

​सभी विभाग आपस में समन्वय बनाकर पत्रावलियों व अभिलेखों का व्यवस्थित रखरखाव सुनिश्चित करें।

​सीडीओ ने स्पष्ट किया कि समय पर कार्यालय न पहुंचने और विभागीय कार्यों में लापरवाही बरतने वाले कर्मचारियों के खिलाफ आगे भी कड़ी अनुशासनात्मक कार्रवाई जारी रहेगी।

Tags:    

Similar News