Kaushambi News: दर्द से कराहती बुजुर्ग के लिए देवदूत बनी खाकी, कांस्टेबल ने पेश की इंसानियत की मिसाल

Kaushambi News : कौशांबी में घायल बुजुर्ग महिला को गोद में उठाकर एम्बुलेंस तक पहुंचाने वाले कांस्टेबल की हर ओर सराहना।

Update:2026-05-09 09:40 IST

Kaushambi Constable Ashish Kushwaha News

Kaushambi News: कौशांबी जिले में एक सड़क हादसे के बाद उस वक्त इंसानियत शर्मसार होती दिखी, जब घायल बुजुर्ग महिला दर्द से तड़पती रही और मौके पर मौजूद लोग सिर्फ तमाशबीन बने खड़े रहे। लेकिन इसी भीड़ के बीच सैनी थाने में तैनात कांस्टेबल आशीष कुशवाहा ने जो किया, उसने खाकी की असली पहचान लोगों के सामने ला दी।

सड़क किनारे घायल अवस्था में पड़ी थी महिला

मिली जानकारी के मुताबी, घटना के बाद बुजुर्ग महिला सड़क किनारे घायल अवस्था में पड़ी थी। वह चलने तक की हालत में नहीं थी। आसपास भारी भीड़ जुटी थी, लेकिन कोई मदद के लिए आगे नहीं आ रहा था। तभी मौके पर पहुंचे कांस्टेबल आशीष कुशवाहा ने बिना एक पल गंवाए इंसानियत का फर्ज निभाया। कांस्टेबल आशीष कुशवाहा ने घायल महिला को अपनी गोद में उठाया और दौड़ते हुए एम्बुलेंस तक पहुंचाया। उस पल को जिसने भी देखा, उसकी आंखें नम हो गईं।

कांस्टेबल ने पेश की मानवता की मिसाल

इस दौरान दर्द से कराह रही महिला के चेहरे पर भी राहत दिखाई दी, क्योंकि उसे एक ऐसा पुलिसकर्मी मिल गया था जिसने वर्दी से पहले इंसानियत को प्राथमिकता दी। यह सिर्फ एक पुलिसकर्मी की ड्यूटी नहीं थी, बल्कि मानवता, संवेदनशीलता और सेवा भाव का जीवंत उदाहरण था। आज जब अक्सर पुलिस पर सवाल उठते हैं, तब कांस्टेबल आशीष कुशवाहा जैसे जवान यह साबित करते हैं कि खाकी सिर्फ कानून व्यवस्था संभालने के लिए नहीं, बल्कि जरूरतमंदों की जिंदगी बचाने के लिए भी होती है।

सोशल मीडिया पर हो रही जमकर सराहना

वहीं सोशल मीडिया पर भी इस मानवीय कार्य की जमकर सराहना हो रही है। लोग कांस्टेबल आशीष कुशवाहा को रियल हीरो और खाकी का असली चेहरा बता रहे हैं। वायरल यह तस्वीर सिर्फ एक घटना नहीं, बल्कि समाज को बड़ा संदेश देती है कि इंसानियत आज भी जिंदा है और जब तक आशीष कुशवाहा जैसे पुलिसकर्मी मौजूद हैं, तब तक लोगों का भरोसा खाकी पर कायम रहेगा।

Tags:    

Similar News