Kushinagar में खौफनाक ऑनर किलिंग, प्रेम संबंधों से नाराज पिता-भाइयों ने अपनी बहनों को पीट-पीटकर मार डाला

Kushinagar Honour Killing Sisters Murder: घटना के बाद इलाके में सनसनी फैल गई है। पुलिस ने दोनों आरोपित भाइयों को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि पिता फरार बताया जा रहा है।

Update:2026-06-09 11:48 IST

Kushinagar Honour Killing Sisters Murder

Kushinagar Honour Killing Sisters Murder: उत्तर प्रदेश के कुशीनगर जिले से ऑनर किलिंग की एक झकझोर देने वाली घटना सामने आयी है। जिले के सेवरही थाना क्षेत्र स्थित पिपराघाट देव नारायण टोला में दो सगी बहनों को प्रेम संबंध रखने की कीमत अपनी जान देकर चुकानी पड़ी। आरोप है कि पिता और दोनों भाइयों ने मिलकर डंडों से इतनी बेरहमी से पीट-पीटकर दोनों बहनों की हत्या कर दी। घटना के बाद इलाके में सनसनी फैल गई है। पुलिस ने दोनों आरोपित भाइयों को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि पिता फरार बताया जा रहा है।

क्या है मामला ?

मृतक युवतियों की पहचान 20 साल की लाली और 18 साल की शीला के रूप में हुई है। जानकारी के मुताबिक, दोनों बहनों का गांव के ही दो युवकों के साथ प्रेम संबंध था। परिवार को यह रिश्ता मंजूर नहीं था और इसी बात को लेकर घर में हमेशा विवाद होता रहता था।

जानकारी के मुताबिक, कुछ वक़्त पहले दोनों बहनें अपने प्रेमियों के साथ घर छोड़कर चली गई थीं। इसके बाद उनके पिता रामप्रसाद सहनी ने दोनों युवकों के खिलाफ सेवरही थाने में FIR दर्ज कराया था। पुलिस ने बाद में दोनों युवतियों को अलग-अलग स्थानों से बरामद कर उनके परिजनों के सुपुर्द कर दिया था।

घर लौटने के बाद परिवार ने दोनों बहनों पर कई तरह की पाबंदियां लगा दी थीं। परिजनों को उम्मीद थी कि अब वे प्रेम संबंध खत्म कर देंगी, लेकिन दोनों बहनें मोबाइल फोन के माध्यम से अपने प्रेमियों के संपर्क में बनी रहीं। इसी बात को लेकर परिवार में तनाव लगातार बढ़ता गया।

घटना वाली रात भी दोनों बहनों को मोबाइल पर बातचीत करते हुए पकड़ लिया गया। इसके बाद पिता और भाइयों ने उनका फोन छीन लिया। इस दौरान कहासुनी इतनी बढ़ गई कि मामला हिंसा में बदल गया। आरोप है कि गुस्से में पिता और दोनों भाइयों ने डंडों से दोनों बहनों की बेरहमी से पिटाई शुरू कर दी। गंभीर चोटें लगने के कारण दोनों बहनों की मौके पर ही मौत हो गई।

घटना को अंजाम देने के बाद आरोपी पिता रामप्रसाद सहनी भाग गया। घटना की जानकारी मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए दोनों भाइयों को गिरफ्तार कर लिया है।

पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले की गहन जांच की जा रही है। फरार आरोपी पिता की तलाश में कई टीमें लगाई गई हैं। शुरुआती जांच में मामला ऑनर किलिंग का प्रतीत हो रहा है। इस दर्दनाक घटना ने एक बार फिर समाज में सम्मान के नाम पर होने वाली हिंसा और महिलाओं की स्वतंत्रता से जुड़े गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।

Tags:    

Similar News