Kushinagar News: मिट्टी खनन के दौरान मिले पुराने चांदी के सिक्के, क्षेत्र में मची हलचल
Kushinagar News: कुशीनगर में मिट्टी खनन के दौरान जमीन से पुराने चांदी के सिक्के निकलने का सनसनीखेज मामला सामने आया है। सिक्के मिलने की खबर से पूरे क्षेत्र में हलचल मच गई है।
Kushinagar News(Photo-Social Media)
Kushinagar News: उत्तर प्रदेश के कुशीनगर जनपद के तरयासुजान क्षेत्र में एक खेत में मिट्टी खनन के दौरान पुराने चांदी के सिक्के मिलने की सूचना से इलाके में सनसनी फैल गई। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होते ही आसपास के गांवों के लोग बड़ी संख्या में मौके पर पहुंच गए। सिक्कों को लेकर तरह-तरह की चर्चाएं शुरू हो गई हैं। कुछ लोग इन्हें मुगलकालीन बता रहे हैं, हालांकि प्रशासनिक स्तर पर अभी इसकी कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं की गई है।
जानकारी के अनुसार, क्षेत्र के एक खेत में मिट्टी की खुदाई का कार्य चल रहा था। इसी दौरान मिट्टी के भीतर से कुछ पुराने चांदी जैसे दिखाई देने वाले सिक्के मिलने की बात सामने आई। मौके पर मौजूद लोगों ने इसका वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर साझा कर दिया, जो देखते ही देखते वायरल हो गया। सिक्को को पर अरबी और उर्दू मे लिखा हुआ है।
वीडियो वायरल होने के बाद आसपास के ग्रामीणों में उत्सुकता बढ़ गई और बड़ी संख्या में लोग घटनास्थल पर पहुंचने लगे।मामले की जानकारी मिलते ही तरया सुजान पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति का जायजा लिया। पुलिस ने पूरे प्रकरण की जांच शुरू कर दी है। अधिकारियों का कहना है कि बरामद सिक्कों की वास्तविक संख्या, उनकी प्रामाणिकता तथा ऐतिहासिक महत्व की जांच कराई जाएगी। जांच रिपोर्ट आने के बाद ही यह स्पष्ट हो सकेगा।