Kushinagar News : कुशीनगर के लाल डॉ. हरिनंदन बने जालौन के सीएमओ।

Kushinagar News : कुशीनगर के डॉ. हरिनंदन प्रसाद को जालौन का मुख्य चिकित्सा अधिकारी नियुक्त किया गया, गांव फुरसतपुर सहित क्षेत्र में खुशी की लहर दौड़ गई।

Update:2026-06-04 23:23 IST

Kushinagar News

Kushinagar News:  उत्तर प्रदेश शासन ने जनपद जालौन के मुख्य चिकित्सा अधिकारी (सीएमओ) पद पर डॉ. हरिनंदन प्रसाद की नियुक्ति की है। उनकी इस महत्वपूर्ण नियुक्ति से स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों और कर्मचारियों के साथ-साथ उनके गृह जनपद कुशीनगर में भी खुशी का माहौल है।जनपद कुशीनगर के तुर्कपट्टी थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम फुरसतपुर, पोस्ट महुआ कारखाना निवासी डॉ. हरिनंदन प्रसाद ने अपनी प्रारंभिक शिक्षा प्राथमिक विद्यालय बेलवा बुजुर्ग से प्राप्त की। इसके बाद उन्होंने हाईस्कूल, इंटरमीडिएट तथा बीएससी की शिक्षा जनता इंटर कॉलेज सोहंग, फाजिलनगर एवं कुशीनगर से पूरी की। छात्र जीवन से ही वे मेधावी एवं प्रतिभाशाली छात्र रहे हैं।

उच्च शिक्षा के लिए उन्होंने किंग जॉर्ज मेडिकल कॉलेज (केजीएमसी), लखनऊ से एमबीबीएस तथा गणेश शंकर विद्यार्थी मेडिकल कॉलेज, कानपुर से एम.डी. की उपाधि प्राप्त की। चिकित्सा क्षेत्र में उन्होंने विभिन्न पदों पर रहते हुए स्वास्थ्य सेवाओं को बेहतर बनाने में उल्लेखनीय योगदान दिया है। जानकारी के अनुसार, डॉ. प्रसाद इससे पूर्व संयुक्त निदेशक ग्रेड के पद पर कार्यरत थे तथा उन्नाव में अपर मुख्य चिकित्सा अधिकारी के रूप में अपनी सेवाएं दे रहे थे।

शासन द्वारा उन्हें जालौन जनपद की स्वास्थ्य व्यवस्था की जिम्मेदारी सौंपे जाने को उनकी कार्यकुशलता और अनुभव का सम्मान माना जा रहा है।डॉ. हरिनंदन प्रसाद की नियुक्ति की खबर मिलते ही उनके पैतृक गांव फुरसतपुर सहित पूरे क्षेत्र में हर्ष का माहौल है। ग्रामीणों, शुभचिंतकों एवं क्षेत्रीय जनप्रतिनिधियों ने इसे जनपद के लिए गौरव की बात बताते हुए उन्हें बधाई और शुभकामनाएं दी हैं।

Tags:    

Similar News