Kushinagar News: पोखरी में डूबने से किसान की मौत, किनारे खड़ी घंटों रोती रही गाय
Kushinagar News: कुशीनगर के रामकोला थाना क्षेत्र में पोखरी में डूबने से 50 वर्षीय इंद्राशन की मौत हो गई। घटना के बाद उनकी गाय घंटों पोखरी किनारे खड़ी होकर रंभाती रही, जिसने ग्रामीणों को भावुक कर दिया।
Kushinagar News
Kushinagar News: जनपद के रामकोला थाना क्षेत्र के भठही खुर्द गांव में पोखरी में डूबने से 50 वर्षीय एक अधेड़ की मौत हो गई। घटना के बाद परिवार में कोहराम मच गया, वहीं पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई। मृतक के साथ गई गाय का अपने मालिक के लिए घंटों पोखरी किनारे खड़े होकर रंभाना ग्रामीणों को भावुक कर गया।
जानकारी के अनुसार, भठही खुर्द निवासी इंद्राशन पुत्र गुप्तार सोमवार को अपने मवेशियों को चराने के बाद उन्हें नहलाने के लिए गांव की पोखरी पर गए थे। बताया जाता है कि मवेशियों को नहलाने के दौरान वह अचानक गहरे पानी में चले गए और डूब गए।काफी देर तक घर वापस नहीं लौटने पर परिजनों और ग्रामीणों को अनहोनी की आशंका हुई, जिसके बाद उनकी तलाश शुरू की गई। सूचना मिलते ही बड़ी संख्या में ग्रामीण पोखरी के पास जुट गए और खोजबीन शुरू कर दी। करीब तीन घंटे तक चले तलाश अभियान के बाद ग्रामीणों ने काफी मशक्कत कर पोखरी से उनका शव बाहर निकाला।
घटना की जानकारी मिलते ही परिवार के लोग मौके पर पहुंच गए और उनका रो-रोकर बुरा हाल हो गया। ग्रामीणों ने बताया कि इंद्राशन के साथ गई गाय लंबे समय तक पोखरी के किनारे खड़ी रही और लगातार रंभाती रही। गाय की बेचैनी और अपने मालिक के प्रति उसके लगाव को देखकर मौके पर मौजूद लोग भावुक हो उठे।सूचना पर पहुंची रामकोला पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पंचनामा की कार्रवाई पूरी की और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। घटना के बाद मृतक के घर में मातम पसरा हुआ है। वहीं गांव के लोग भी इस दुखद हादसे से स्तब्ध हैं।