Kushinagar News : कुशीनगर में उपकेंद्र हमले पर बवाल, बिजली कर्मियों का अल्टीमेटम, धरना स्थगित
Kushinnagar News : कुशीनगर में उपकेंद्र पर हमले के बाद बिजली कर्मियों का प्रदर्शन, पुलिस आश्वासन पर धरना स्थगित, दो दिन का अल्टीमेटम
Kushinagar Power Substation Attack
Kushinagar News : रामकोला थाना क्षेत्र के मांडेयराय विद्युत उपकेंद्र पर केबल ठीक करने के विवाद में हुए जानलेवा हमले के बाद बिजली विभाग के कर्मचारियों का आक्रोश गुरुवार को खुलकर सामने आ गया। सैकड़ों कर्मचारियों ने रामकोला उपकेंद्र पर तालाबंदी कर अनिश्चितकालीन धरना शुरू कर दिया। हालांकि, पुलिस के आश्वासन के बाद कर्मचारियों ने फिलहाल धरना स्थगित कर दिया, लेकिन आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए दो दिन का अल्टीमेटम दे दिया है।
जानकारी के अनुसार बुधवार को उपकेंद्र पर कार्य के दौरान कुछ युवकों ने अवर अभियंता (जेई) रविंद्र कुमार और सब स्टेशन ऑपरेटर (एसएसओ) अमरनाथ कुशवाहा पर अचानक हमला कर दिया। इस हमले में दोनों कर्मचारी गंभीर रूप से घायल हो गए। एसएसओ अमरनाथ कुशवाहा की हालत नाजुक होने पर उन्हें तत्काल गोरखपुर मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया, जहां उनका इलाज चल रहा है।
घटना के विरोध में बिजली कर्मचारी संघ के जिलाध्यक्ष अविनाश कुमार पांडेय के नेतृत्व में बड़ी संख्या में कर्मचारी रामकोला उपकेंद्र पर एकत्र हुए। कर्मचारियों ने उपकेंद्र पर तालाबंदी कर कार्य पूरी तरह ठप कर दिया और पुलिस प्रशासन के खिलाफ जमकर नारेबाजी करते हुए आरोपियों की तत्काल गिरफ्तारी की मांग उठाई। धरने की सूचना मिलते ही रामकोला थाना प्रभारी धनवीर सिंह पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और प्रदर्शन कर रहे कर्मचारियों से वार्ता की। थाना प्रभारी ने बताया कि मारपीट के वायरल वीडियो के आधार पर दो संदिग्ध युवकों को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। साथ ही अन्य हमलावरों की पहचान कर जल्द गिरफ्तारी का भरोसा भी दिया गया।
पुलिस के इस आश्वासन के बाद कर्मचारियों ने अपना धरना फिलहाल स्थगित कर दिया। हालांकि, संगठन ने स्पष्ट चेतावनी दी है कि यदि दो दिन के भीतर सभी नामजद आरोपियों की गिरफ्तारी नहीं हुई तो जनपद के नियमित और संविदा कर्मचारी कार्य बहिष्कार करेंगे और कसया स्थित अधीक्षण अभियंता कार्यालय पर बड़ा धरना-प्रदर्शन किया जाएगा। प्रदर्शन के दौरान अवर अभियंता रविंद्र कुमार, अश्वनी कुमार सिंह, विजय सिंह, एसडीओ चंदन सिंह तथा सेवा प्रदाता कंपनी के सुपरवाइजर मनीष सिंह सहित बड़ी संख्या में अधिकारी और कर्मचारी मौजूद रहे। कर्मचारियों ने मांग की है कि घायल कर्मियों के इलाज का पूरा खर्च विभाग वहन करे और उपकेंद्रों पर कर्मचारियों की सुरक्षा के लिए ठोस व्यवस्था सुनिश्चित की जाए।फिलहाल पुलिस फरार आरोपियों की तलाश में संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही है।फोटो परिचय - प्रदर्शन करते बिजली विभाग के कर्मचारी