Lakhimpur News: लखीमपुर में 3 वर्षीय बच्चे की भोजन नली से 5 रुपये का सिक्का एंडोस्कोपी से निकाला गया
लखीमपुर में 3 वर्षीय बच्चे द्वारा 5 रुपये का सिक्का निगलने के बाद भोजन नली में फंस गया। डॉक्टरों ने एंडोस्कोपी की मदद से मात्र 120 मिनट में सिक्का निकालकर बच्चे की जान बचाई।
Lakhimpur kheri News
Lakhimpur kheri News: खेलते-खेलते 5 रुपये का सिक्का निगलने से 3 साल का मासूम गंभीर संकट में आ गया। बच्चे के पिता की चिंता बढ़ गई और परिवार घबराकर उसे स्वशासी राज्य चिकित्सा महाविद्यालय (संबद्ध जिला चिकित्सालय मोतीपुर) लेकर पहुंचा। लेकिन डॉक्टरों की त्वरित कार्रवाई ने 120 मिनट के भीतर बच्चे की जान बचा ली।
जानकारी के अनुसार, सोमवार सुबह करीब 11 बजे परिजन बच्चे को अस्पताल लेकर पहुंचे। उन्होंने बताया कि बच्चा खेलते समय अचानक सिक्का निगल गया था।ईएनटी विभाग में तैनात असिस्टेंट प्रोफेसर डॉ. मनोज शर्मा ने तुरंत जांच कराई और एक्स-रे के माध्यम से स्थिति स्पष्ट की। रिपोर्ट में पाया गया कि सिक्का भोजन नली (Esophagus) के ऊपरी हिस्से में फंसा हुआ था, जो एक गंभीर स्थिति थी और तुरंत इलाज की आवश्यकता थी।स्थिति की गंभीरता को देखते हुए प्रधानाचार्य डॉ. वाणी गुप्ता के निर्देशन में मेडिकल टीम ने बिना समय गंवाए इमरजेंसी प्रोटोकॉल के तहत प्रक्रिया शुरू की।
ऑपरेशन थिएटर में सभी जरूरी तैयारियां तुरंत पूरी की गईं।डॉ. श्वेता वर्मा (एनेस्थीसिया), डॉ. मनोज शर्मा और स्टाफ नर्स रेखा सैनी की टीम ने एंडोस्कोपी की मदद से बिना किसी सर्जरी के सिक्का सुरक्षित बाहर निकाला। दोपहर 12:45 बजे बच्चे को सफलतापूर्वक एनेस्थीसिया देकर प्रक्रिया पूरी की गई।डॉक्टरों की तत्परता और आधुनिक तकनीक के इस्तेमाल से करीब 120 मिनट में बच्चे की जान बच गई, जिससे परिवार ने राहत की सांस ली और अस्पताल की टीम की सराहना की जा रही है।