Lakhimpur: लखीमपुर में डिजिटल जनगणना का आगाज, अधिकारियों और विधायकों ने भरे ऑनलाइन स्व-गणना फॉर्म
Lakhimpur News: लखीमपुर खीरी में डिजिटल जनगणना 2027 के तहत स्व-गणना अभियान की शुरुआत हो गई है। डीएम, सीडीओ और जनप्रतिनिधियों ने खुद ऑनलाइन फॉर्म भरकर अभियान का शुभारंभ किया।
Lakhimpur Kheri News
Lakhimpur Kheri News: लखीमपुर खीरी में देश की पहली डिजिटल जनगणना को लेकर माहौल पूरी तरह सक्रिय नजर आ रहा है। सात मई से शुरू हुए ‘स्व-गणना’ अभियान के तहत जिले में बड़े स्तर पर लोगों को जागरूक करने का काम शुरू हो गया है। प्रशासन से लेकर जनप्रतिनिधियों तक सभी खुद आगे आकर ऑनलाइन प्रपत्र भर रहे हैं और लोगों को भी इस राष्ट्रीय अभियान से जुड़ने के लिए प्रेरित कर रहे हैं।
कलेक्ट्रेट से लेकर गांव की चौपाल तक हर जगह ‘अपनी जनगणना, खुद करें’ का संदेश सुनाई दे रहा है। जिले के बड़े अधिकारियों और जनप्रतिनिधियों ने मोबाइल के जरिए अपना ऑनलाइन स्व-गणना प्रपत्र भरकर अभियान की औपचारिक शुरुआत की। डीएम अंजनी कुमार सिंह, सीडीओ अभिषेक कुमार, एडीएम नरेंद्र बहादुर सिंह, एडीएम न्यायिक के साथ विधायक योगेश वर्मा, लोकेंद्र प्रताप सिंह और सौरभ सिंह सोनू समेत कई जनप्रतिनिधियों ने खुद स्व-गणना प्रक्रिया पूरी की।
स्कूलों से गांव तक चला जागरूकता अभियान
डिजिटल जनगणना को लेकर जिलेभर में जागरूकता का माहौल देखने को मिला। शहर और गांव दोनों क्षेत्रों में स्कूलों के बच्चों ने रैलियां निकालीं। बच्चों ने पोस्टर, स्लोगन और विभिन्न प्रतियोगिताओं के जरिए लोगों को डिजिटल जनगणना के महत्व के बारे में बताया। प्रशासन की कोशिश है कि इस अभियान को केवल सरकारी प्रक्रिया तक सीमित न रखकर जनभागीदारी का बड़ा अभियान बनाया जाए।
डीएम बोले, सही आंकड़े विकास योजनाओं की बुनियाद
डीएम अंजनी कुमार सिंह ने कहा कि सात मई से शुरू हुआ यह स्व-गणना चरण लोगों को अपनी जानकारी खुद दर्ज करने का मौका देता है। उन्होंने लोगों से अपील की कि वे इंटरनेट के माध्यम से पोर्टल पर जाकर सही और प्रमाणिक जानकारी भरें।उन्होंने कहा कि जनगणना केवल आंकड़ों का संग्रह नहीं है, बल्कि देश की विकास योजनाओं की बुनियाद है। सरकार की नीतियां और योजनाएं तभी प्रभावी बनती हैं, जब उनके पास सही और सटीक आंकड़े मौजूद हों।सीडीओ अभिषेक कुमार ने भी स्व-गणना पोर्टल पर अपनी जानकारी दर्ज की। उन्होंने जनपदवासियों से अपील की कि सभी लोग समय रहते अपनी जानकारी ऑनलाइन भरें और अभियान में सक्रिय भागीदारी करें।उन्होंने कहा कि सटीक आंकड़ों के आधार पर ही विकास योजनाओं को बेहतर तरीके से लागू किया जा सकता है। इसलिए हर व्यक्ति की भागीदारी इस अभियान को सफल बनाने में महत्वपूर्ण होगी।
34 सवालों के जवाब देकर पूरी होगी स्व-गणना
एडीएम नरेंद्र बहादुर सिंह ने बताया कि पहले चरण में मकान गणना और सूचीकरण का काम किया जाएगा। इसके तहत पोर्टल पर मकान और उससे जुड़ी सुविधाओं को लेकर कुल 34 सवाल पूछे जाएंगे। इन सवालों के जवाब देकर कोई भी व्यक्ति अपनी स्व-गणना प्रक्रिया पूरी कर सकता है।उन्होंने बताया कि फाइनल सबमिट करने के बाद एक यूनिक आईडी जनरेट होगी। इस आईडी को सुरक्षित रखना जरूरी होगा। 22 मई से 22 जून तक प्रगणक घर-घर जाकर दर्ज जानकारी का सत्यापन करेंगे। उस दौरान नागरिक अपनी यूनिक आईडी दिखाकर अपने डाटा की पुष्टि करा सकेंगे।एडीएम ने लोगों से अपील की कि 15 दिन तक चलने वाले इस अभियान में बढ़-चढ़कर हिस्सा लें और इसे सफल बनाएं।
जिला, तहसील और ब्लॉक स्तर पर तेज हुआ अभियान
डिजिटल जनगणना-2027 के तहत शुरू हुआ ‘स्व-गणना’ अभियान अब जिले में तेजी पकड़ चुका है। जिला, तहसील और ब्लॉक स्तर के सभी कार्यालयों में बड़े पैमाने पर ऑनलाइन स्व-गणना प्रपत्र भरे जा रहे हैं।विभिन्न विभागों के अधिकारी और कर्मचारी खुद आगे आकर अपनी पारिवारिक और आवासीय जानकारी पोर्टल पर दर्ज कर रहे हैं। प्रशासनिक अमले में अभियान को लेकर खासा उत्साह देखने को मिल रहा है।जिला प्रशासन की ओर से सभी कार्यालयों को निर्देश दिए गए हैं कि वे अपने-अपने विभागों में कर्मचारियों को स्व-गणना के लिए प्रेरित करें और अभियान को शत-प्रतिशत सफल बनाने में योगदान दें।