Lakhimpur Kheri News: सीडीओ की अपील : स्व-गणना में बढ़-चढ़कर आमजन करें भागीदारी

Lakhimpur Kheri News: लखीमपुर खीरी में जनगणना-2027 के पहले चरण की तैयारी तेज, सीडीओ ने स्व-गणना को आसान और पारदर्शी बताते हुए आमजन से समय पर जानकारी दर्ज करने की अपील की।

Update:2026-04-30 18:23 IST

 सीडीओ की अपील : स्व-गणना में बढ़-चढ़कर आमजन करें भागीदारी (Photo- Newstrack)

Lakhimpur Kheri News: लखीमपुर खीरी: जनगणना-2027 को लेकर जिला प्रशासन पूरी तरह सक्रिय हो गया है। पहले चरण के तहत 7 से 21 मई के बीच होने वाली स्व-गणना (सेल्फ सर्वे) को सफल बनाने के लिए कलेक्ट्रेट स्थित अटल सभागार में सीडीओ अभिषेक कुमार की अध्यक्षता में कार्यशाला और प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस दौरान जनपद के विभिन्न विभागों के अधिकारियों को स्व-गणना प्रक्रिया, पोर्टल संचालन और जनजागरूकता से जुड़े महत्वपूर्ण बिंदुओं की जानकारी दी गई।

स्व-गणना से बढ़ेगी पारदर्शिता और सटीकता

सीडीओ अभिषेक कुमार ने स्व-गणना के फायदे बताते हुए कहा कि यह प्रक्रिया नागरिकों के लिए बेहद सुविधाजनक है। लोग अपने घर बैठे मोबाइल या कंप्यूटर के माध्यम से अपनी जानकारी आसानी से दर्ज कर सकते हैं, जिससे समय और श्रम दोनों की बचत होती है। उन्होंने बताया कि स्वयं द्वारा दर्ज किए गए डाटा की सटीकता अधिक होती है, जिससे जनगणना की विश्वसनीयता भी बढ़ती है।

उन्होंने सभी नागरिकों से अपील की कि वे निर्धारित समयसीमा के भीतर अपनी जानकारी अवश्य दर्ज करें और इस अभियान को सफल बनाने में सक्रिय भागीदारी निभाएं।

विभाग दिवस से अभियान को मिलेगी गति

सीडीओ ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि सभी विभाग अपने कर्मचारियों से अनिवार्य रूप से स्व-गणना पोर्टल पर डाटा भरवाएं। इसके बाद प्राप्त 11 अंकों की यूनिक आईडी को फील्ड में तैनात प्रगणकों को उपलब्ध कराया जाएगा, जिससे जमीनी स्तर पर कार्य में तेजी और सटीकता बनी रहे।

स्व-गणना को बढ़ावा देने के लिए प्रशासन ने “विभाग दिवस” भी निर्धारित किए हैं, ताकि प्रत्येक विभाग अपने स्तर पर अभियान को गति दे सके। अधिकारियों और कर्मचारियों को न केवल स्वयं भाग लेने, बल्कि आमजन को भी जागरूक करने के निर्देश दिए गए हैं।

जिला जनगणना अधिकारी/एडीएम नरेन्द्र बहादुर सिंह ने सभी चार्ज अधिकारियों को प्रशिक्षण के तीसरे चरण के सफल समापन पर बधाई देते हुए अंतिम चरण में शत-प्रतिशत कर्मचारियों के प्रशिक्षण को समय से पूरा कराने के निर्देश दिए। कार्यशाला में जनगणना निदेशालय से आए जिला प्रभारी दिव्यांक मिश्रा ने पोर्टल पर स्व-गणना की प्रक्रिया का व्यावहारिक प्रशिक्षण दिया।

इस अवसर पर एएसपी, सीएमओ, डीआईओएस, बीएसए सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे और जनगणना अभियान को सफल बनाने का संकल्प लिया।

Tags:    

Similar News