Lakhimpur Kheri News: दुधवा में दर्दनाक मौत, बेकाबू पालतू हाथी ने कर्मचारी को कुचलकर मार डाला
Lakhimpur Kheri News: दुधवा टाइगर रिजर्व की सोनारीपुर रेंज में दर्दनाक हादसा हुआ। पालतू हाथी ने वन विभाग के चारा कटर रामविलास पर हमला कर कुचल दिया, जिससे उनकी मौत हो गई। घटना से वन विभाग और गांव में शोक की लहर है।
Lakhimpur Kheri News: दुधवा टाइगर रिजर्व की सोनारीपुर रेंज के सलूकापुर क्षेत्र में बुधवार को एक दर्दनाक हादसा हो गया। हाथियों की देखभाल में लगे वन विभाग के कर्मचारी और चारा कटर रामविलास की पालतू हाथी के हमले में मौत हो गई। घटना के बाद वन विभाग में शोक की लहर दौड़ गई, वहीं मृतक के परिवार में कोहराम मच गया।
वर्षों से विभाग में दे रहे थे सेवाएं
मृतक रामविलास (52) मझगई थाना क्षेत्र के ग्राम कुठिया के निवासी थे। वह लंबे समय से दुधवा टाइगर रिजर्व में चारा कटर के पद पर कार्यरत थे। विभागीय सूत्रों के अनुसार, रामविलास मेहनती और अनुभवी कर्मचारी थे, जो वर्षों से हाथियों की सेवा और देखभाल में लगे हुए थे। बताया जा रहा है कि बुधवार सुबह भी रामविलास रोजाना की तरह सलूकापुर कैंप से अपनी निर्धारित हथनी को चराने के लिए जंगल की ओर ले जा रहे थे। इसी दौरान जंगल के बीच मौजूद दूसरा पालतू हाथी विनायक अचानक बेकाबू हो गया और हिंसक व्यवहार करने लगा।
कुछ समझ पाने से पहले ही हाथी ने रामविलास पर हमला कर दिया। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, रामविलास काफी देर तक अपनी जान बचाने के लिए चिल्लाते रहे, लेकिन घने जंगल में उनकी आवाज सुनने वाला कोई नहीं था।
हाथी ने पैरों से कुचल दिया
हाथी ने रामविलास को पैरों से बुरी तरह कुचल दिया, जिससे उनका चेहरा और शरीर गंभीर रूप से क्षत-विक्षत हो गया। काफी देर बाद आसपास मौजूद लोगों ने शोर सुनकर मौके पर पहुंचकर देखा तो दृश्य बेहद भयावह था। घटना की जानकारी मिलते ही वन विभाग में हड़कंप मच गया।
अस्पताल पहुंचने पर डॉक्टरों ने किया मृत घोषित
सोनारीपुर रेंज के रेंजर अखिलेश शर्मा ने तत्काल घटना की सूचना बिलराया एसडीओ दीपक पांडे को दी। इसके बाद वन विभाग की टीम घायल रामविलास को आनन-फानन में पलिया सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र लेकर पहुंची, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
पुलिस ने शुरू की कार्रवाई
घटना का क्षेत्र गौरीफंटा कोतवाली में आता है, लेकिन संवेदनशीलता दिखाते हुए बंसी नगर चौकी पुलिस मौके पर पहुंची और प्रारंभिक कार्रवाई पूरी करवाई। बाद में गौरीफंटा पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए जिला मुख्यालय भेज दिया।
गांव और विभाग में शोक
रामविलास की मौत की खबर मिलते ही उनके गांव कुठिया में मातम छा गया। वहीं दुधवा टाइगर रिजर्व के कर्मचारियों और अधिकारियों में भी गहरा शोक देखा गया। लंबे समय से सेवा दे रहे कर्मचारी की इस तरह मौत से सभी स्तब्ध हैं।