Lakhimpur kheri News: मुख्यमंत्री योगी के आशीर्वाद से पुनर्जीवित हुई सुहेली नदी, 50 हजार से अधिक को लाभ

Lakhimpur kheri News: जिलाधिकारी दुर्गा शक्ति नागपाल ने जलशक्ति मंत्री का पुष्पगुच्छ भेंट कर जनपद आगमन पर अभिनंदन किया।

Update:2025-07-23 19:45 IST

मुख्यमंत्री योगी के आशीर्वाद से पुनर्जीवित हुई सुहेली नदी   (photo: social media )

Lakhimpur kheri News: जलशक्ति मंत्री स्वतंत्र देव सिंह ने बुधवार को निघासन तहसील के ग्राम लठौआ में पुनर्जीवित हुई सुहेली नदी का निरीक्षण किया। इस दौरान ग्रामीणों ने पुष्पवर्षा कर मंत्री और विधायक शशांक वर्मा का गर्मजोशी से स्वागत किया, जिसे मंत्री ने दोनों हाथ जोड़कर स्वीकार किया। जिलाधिकारी दुर्गा शक्ति नागपाल ने जलशक्ति मंत्री का पुष्पगुच्छ भेंट कर जनपद आगमन पर अभिनंदन किया।

जनसमूह को संबोधित करते हुए जलशक्ति मंत्री स्वतंत्र देव सिंह ने पर्यावरण संरक्षण, शिक्षा और सांस्कृतिक मूल्यों पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि पेड़ काटने की जगह उन्हें लगाएं, यही भावी पीढ़ी को स्वस्थ वातावरण देने का रास्ता है। उन्होंने सुहेली नदी पुनर्जीवन कार्य की भूरी-भूरी प्रशंसा की और कहा कि डीएम दुर्गा शक्ति नागपाल के नेतृत्व और सीएम योगी आदित्यनाथ के आशीर्वाद से आज यह संभव हुआ है कि नदी आपके द्वार तक आई है। उन्होंने ‘खेत पर मेड, मेड पर पेड़’ का मंत्र देते हुए जल, जंगल और जमीन के संतुलन पर विचार रखने की बात कही। मंत्री ने बच्चों को पढ़ाने पर जोर देते हुए कहा कि यही बच्चे कल शिवाजी, राणा प्रताप और योगी, मोदी बनेंगे। उन्होंने कहा कि सीएम योगी के नेतृत्व में प्रदेश आज सुरक्षित और खुशहाल है, और सरकार की योजनाओं में जनसहयोग को अहम बताया।


विधायक शशांक वर्मा ने कहा कि सीएम योगी आदित्यनाथ के आशीर्वाद और मार्गदर्शन से अब वे काम भी पूरे होते दिख रहे हैं जो पहले असंभव माने जाते थे। उन्होंने बताया कि कटान जैसी गंभीर समस्याओं पर नियंत्रण के लिए महत्वपूर्ण परियोजनाएं संचालित की जा रही हैं, जिनका असर अब जमीनी स्तर पर दिख रहा है।

डीएम दुर्गा शक्ति नागपाल ने कहा कि जलशक्ति मंत्री के सतत मार्गदर्शन और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के आशीर्वाद से सुहेली नदी पुनर्जीवन परियोजना आज धरातल पर साकार हो सकी है। इससे 50 हजार से अधिक आबादी को प्रत्यक्ष और अप्रत्यक्ष लाभ मिल रहा है, जबकि 1500 हेक्टेयर भूमि जलभराव की समस्या से मुक्त हुई है। उन्होंने बताया कि बीते एक वर्ष में शासन से अधिक धनराशि मिली है और ड्रेजिंग जैसी संवेदनशील परियोजनाओं को मंजूरी मिलना सरकार की प्रतिबद्धता को दर्शाता है।


कार्यक्रम के अंत में जिला अध्यक्ष सुनील सिंह ने आभार ज्ञापित किया। कार्यक्रम की शुरुआत में अधिशासी अभियंता अजय कुमार ने कार्यक्रम की आवश्यकता एवं प्रासंगिकता बताई। जनसभा के उपरांत जलशक्ति मंत्री ने विधायक शशांक वर्मा, जिलाध्यक्ष सुनील सिंह और डीएम दुर्गा शक्ति नागपाल के साथ पुनर्जीवित सुहेली नदी का निरीक्षण किया। इसके बाद सिंचाई एवं जल संसाधन विभाग द्वारा किए गए कार्यों की सराहना करते हुए उपलब्ध भूमि पर फलदार, छायादार और औषधीय पौधों का रोपण किया। इस दौरान चीफ इंजीनियर (रुहेलखंड) माहेश्वरी प्रसाद, मुख्य अभियंता (शारदा) बरेली एचएन सिंह, अधीक्षण अभियंता (बाढ़ मंडल) धर्मेंद्र कुमार, अधिशासी अभियंता अजय कुमार और अन्य विभागीय अधिकारी व कर्मचारी मौजूद रहे।

शारदा बैराज और अन्य परियोजनाएं:

शारदा बैराज का निरीक्षण: जलशक्ति मंत्री स्वतंत्र देव सिंह ने मंगलवार को शारदा बैराज पहुंचकर बैराज संचालन व्यवस्था का गहन निरीक्षण किया। अधिशासी अभियंता सिंचाई खंड शारदा करणपाल सिंह ने उन्हें बैराज की कार्यप्रणाली, जल प्रवाह नियंत्रण, गेट ऑपरेशन और निगरानी प्रणाली की विस्तृत जानकारी दी। मंत्री ने मानसून सीजन में बैराज संचालन को लेकर सतर्कता और तकनीकी दक्षता पर जोर दिया।


शारदानगर में 68.5 करोड़ की परियोजनाओं का लोकार्पण: शारदा नगर स्थित निरीक्षण भवन में जलशक्ति मंत्री ने 68.5 करोड़ रुपये की लागत से निर्मित कुल 15 विकास कार्यों का विधिवत लोकार्पण किया। इसमें 12 कटान निरोधक परियोजनाएं और सिंचाई एवं जल संसाधन विभाग की तीन महत्वपूर्ण योजनाएं शामिल रहीं। मंत्री ने इसे प्रदेश सरकार की ग्रामीण व कृषि हितैषी सोच का प्रतीक बताया और कहा कि ये परियोजनाएं किसानों की भूमि को कटान से सुरक्षित रखने के साथ ही खेतों तक जल पहुंचाने में बड़ी भूमिका निभाएंगी।

Tags:    

Similar News