रामस्वरूप लाठीचार्ज मामले में लखनऊ में फूटा ABVP का गुस्सा! LU से मशाल जुलूस निकालकर की नारेबाजी

लखनऊ में ABVP ने मशाल जुलूस निकालकर रामस्वरूप यूनिवर्सिटी लाठीचार्ज पर किया जोरदार प्रदर्शन।

Update:2025-09-05 20:56 IST

ABVP Torch Rally in Lucknow Protest Erupts Over Barabanki Ramswaroop University Lathicharge

Lucknow News: बाराबंकी के रामस्वरूप मेमोरियल यूनिवर्सिटी में विद्यार्थी परिषद से जुड़े कार्यकर्ताओं पर हुआ लाठीचार्ज का मामला थमने का नाम नहीं ले रहा है। सरकार की ओर से दोषी पुलिसकर्मियों पर हो रहे एक्शन और सियासी बयानबाजी के बीच लखनऊ की सड़कों पर शुक्रवार को अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (ABVP) का गुस्सा मशालों की लपटों के बीच दिखाई दिया। लखनऊ विश्वविद्यालय से शुरू होकर परिवर्तन चौक तक पहुंचे मशाल जुलूस में कार्यकर्ताओं ने विश्वविद्यालय प्रशासन के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। ABVP ने सवाल उठाया कि जब माफिया पर सरकार बुलडोजर चला रही है तो शिक्षा माफिया और लाठीचार्ज कराने वाले अफसर पर अब तक कार्रवाई क्यों नहीं हुई? इस प्रदर्शन ने राजधानी में माहौल को और गरमा दिया है।

राष्ट्रीय मंत्री बोले- '10-10 पुलिसकर्मियों ने मिलकर मारा, उनपर हो एक्शन'

ABVP के राष्ट्रीय मंत्री अंकित शुक्ला ने कहा कि विद्यार्थी परिषद के एक एक कार्यकर्ता को दस दस पुलिसकर्मियों ने मिलकर मारा है। ऐसे में उन पुलिसकर्मियों को चिन्हित कर उनके खिलाफ भी कानूनी कार्रवाई होनी चाहिए। उन्होंने कहा कि रामस्वरूप मेमोरियल विश्वविद्यालय की भूमि की जांच होनी चाहिए। BCI की रिपोर्ट आने के बाद छात्रों का भविष्य सुरक्षित हुआ है, ये भी इस आंदोलन के कारण ही संभव हुआ है। उन्होंने कहा कि छात्रों के भविष्य के साथ बीते 3 सालों से खिलवाड़ करने वाले रामस्वरूप विश्वविद्यालय से जुड़े सभी दोषियों को चिन्हित करके उन्हें गिरफ्तार किया जाए। उन्होंने कहा कि ओम प्रकाश राजभर ने जो बयान दिया, उसका हमने विरोध भी किया। ओमप्रकाश राजभर के बेटे अरविंद राजभर घायल ABVP कार्यकर्ताओं को देखने के लिए अस्पताल पहुंचे थे। उन्होंने कहा कि यदि समय से हमारी मांगे नहीं मानी जाती हैं तो हमारा आंदोलन चरणबद्ध तरीके से जारी रहे।

श्रीरामस्वरूप यूनिवर्सिटी में बवाल के बीच ABVP कार्यकर्ताओं पर हुआ था लाठीचार्ज

आपको बता दें कि बाराबंकी के श्रीराम स्वरूप यूनिवर्सिटी में बीते सोमवार को हुए लाठीचार्ज ने प्रदेश की सियासत को गर्मा दिया है। लॉ की मान्यता को लेकर शांतिपूर्वक प्रदर्शन कर रहे ABVP कार्यकर्ताओं और छात्रों को पुलिस ने सड़क पर गिराकर बेरहमी से पीटा था। इस लाठीचार्ज में कई छात्र और विद्यार्थी परिषद से जुड़े कार्यकर्ता गंभीर रूप से घायल हो गए, जिन्हें पहले जिला अस्पताल और फिर KGMU ट्रॉमा सेंटर रेफर करना पड़ा। इसके बाद से छात्र संगठनों का गुस्सा लगातार बढ़ रहा है और राजधानी में इसका असर साफ देखा जा रहा है।

विद्यार्थी परिषद ने बड़े आंदोलन की दी चेतावनी

ABVP से जुड़े पदाधिकारियों का कहना है कि योगी सरकार ने घटना पर संज्ञान जरूर लिया लेकिन अभी तक जिम्मेदार अफसरों पर ठोस कार्रवाई नहीं हुई है। छात्रों ने सवाल उठाया कि आखिर किसके आदेश पर लाठीचार्ज कराया गया और अब तक उस अफसर पर शिकंजा क्यों नहीं कसा गया? संगठन ने साफ चेतावनी दी है कि अगर जल्द कठोर कदम नहीं उठाए गए तो आंदोलन और तेज किया जाएगा।

गंभीर आरोप लगाकर शिक्षा माफिया पर भी कार्रवाई की मांग

ABVP कार्यकर्ताओं ने केवल लाठीचार्ज ही नहीं बल्कि श्रीरामस्वरूप यूनिवर्सिटी के खिलाफ भी मोर्चा खोल दिया है। कार्यलरताओं का आरोप है कि रामस्वरूप यूनिवर्सिटी ने ग्राम सभा की जमीन पर कब्जा कर रखा है और बड़े स्तर पर अनियमितताएं की जा रही हैं। छात्रों ने कहा कि योगी सरकार अपराधियों और भूमाफियाओं को 'मिट्टी में मिला रही है' लेकिन शिक्षा माफिया पर कार्रवाई कब होगी? इसी मुद्दे को लेकर राजधानी लखनऊ में विरोध तेज होता जा रहा है और आने वाले दिनों में यह बड़ा आंदोलन का रूप ले सकता है।

राजधानी की सड़कों पर गरजा छात्र आंदोलन

लखनऊ विश्वविद्यालय से परिवर्तन चौक तक निकला मशाल जुलूस इस बात का संकेत है कि छात्र संगठन अब पीछे हटने वाले नहीं हैं। सैंकड़ों छात्रों की मौजूदगी में हुई नारेबाजी से माहौल तनावपूर्ण रहा और एहतियात के तौर पर भारी पुलिस बल तैनात करना पड़ा। ABVP के राष्ट्रीय मंत्री अंकित शुक्ला ने कहा कि सरकार की ओर से दोषी पुलिसकर्मियों पर जो कार्रवाई की जा रही है, उससे है सभी संतुष्ट हैं। राष्ट्रीय मंत्री अंकित शुक्ला ने कहा कि विद्यार्थी परिषद के एक एक कार्यकर्ता को दस दस पुलिसकर्मियों ने मिलकर मारा है। ऐसे में उन पुलिसकर्मियों को चिन्हित कर उनके खिलाफ भी कानूनी कार्रवाई होनी चाहिए।

Tags:    

Similar News