रोशनी में उभरा इतिहास: अम्बेडकर स्मारक में गूंजा बाबा साहब का जीवन-संग्राम

Ambedkar Memorial Light and Sound Show: लखनऊ के डॉ. भीमराव अम्बेडकर सामाजिक परिवर्तन स्थल में लाइट एंड साउंड शो शुरू। भीमराव अम्बेडकर के जीवन-संघर्ष को आधुनिक तकनीक से जीवंत प्रस्तुति।

Update:2026-05-05 20:39 IST

Ambedkar Memorial Light and Sound Show (Image Credit-Social Media)

Ambedkar Memorial Light and Sound Show: लखनऊ के गोमती नगर स्थित भव्य डॉ. भीमराव अम्बेडकर सामाजिक परिवर्तन स्थल अब एक नए आकर्षण का केंद्र बन गया है। मंगलवार से यहां अत्याधुनिक लाइट एंड साउंड शो का शुभारम्भ किया गया, जो दर्शकों को डॉ. भीमराव अम्बेडकर के जीवन, संघर्ष और विचारों से एक जीवंत अनुभव के माध्यम से जोड़ने का काम करेगा।

लखनऊ विकास प्राधिकरण के उपाध्यक्ष प्रथमेश कुमार ने बताया कि इस महत्वाकांक्षी परियोजना को लगभग 18.40 करोड़ रुपये की लागत से तैयार किया गया है। आधुनिक तकनीक से सुसज्जित यह शो बाबा साहब के बचपन से लेकर भारतीय संविधान के निर्माण तक की यात्रा को प्रकाश, ध्वनि और दृश्य प्रभावों के माध्यम से बेहद प्रभावशाली ढंग से प्रस्तुत करता है।


यह शो केवल मनोरंजन तक सीमित नहीं है, बल्कि इसका उद्देश्य नई पीढ़ी को बाबा साहब के सामाजिक न्याय, समानता और शिक्षा के मूल्यों से परिचित कराना है। दर्शक इस प्रस्तुति के जरिए न सिर्फ इतिहास को समझेंगे, बल्कि समाज में समानता और जागरूकता के संदेश को भी आत्मसात कर सकेंगे। उन्होंने बताया कि 25 अप्रैल से इस शो का ट्रायल रन किया जा रहा था, जिसे अब प्रतिदिन शाम 7:30 बजे से आम जनता के लिए नियमित रूप से शुरू कर दिया गया है। स्मारक की भव्यता के साथ यह शो पर्यटकों के लिए एक यादगार अनुभव साबित होगा।


6 हाईटेक प्रोजेक्टर लगाए गए

लाइट एंड साउंड शो के लिए 30-30 हजार ल्यूमेन्स क्षमता वाले 6 हाईटेक प्रोजेक्टर लगाए गए हैं। इनके जरिए 30 मिनट की फिल्म और देशभक्ति गीत प्रस्तुत किए जाएंगे। इससे दर्शकों को हाई क्वालिटी विजुअल अनुभव मिलेगा।

महाभारत फेम हरीश भिमानी की आवाज


बाबा साहब के जीवन संघर्ष पर तैयार लघु फिल्म में मशहूर वॉइस ओवर आर्टिस्ट हरीश भिमानी ने आवाज दी है। हरीश भिमानी टीवी सीरियल महाभारत में समय की आवाज के लिए देशभर में प्रसिद्ध हैं। शो में दर्शकों को उनकी दमदार आवाज सुनाई देगी।

Tags:    

Similar News