भीख मांगकर फीस वृद्धि का विरोध: छात्रों ने 420 रुपये का चेक कुलपति को भेजने का किया ऐलान
Lucknow University Fee Hike Protest: लखनऊ में लखनऊ विश्वविद्यालय की फीस वृद्धि के खिलाफ छात्रों का अनोखा विरोध—भीख मांगकर 420 रुपये का चेक कुलपति को भेजने का ऐलान, प्रशासन पर उठे सवाल।
Lucknow University Fee Hike Protest (Image Credit-Social Media)
Lucknow University Fee Hike Protest: लखनऊ के सिविल रोड स्थित माध्यमिक शिक्षा निदेशालय के बाहर मंगलवार को आम आदमी पार्टी के छात्र विंग ASAP के कार्यकर्ताओं ने लखनऊ विश्वविद्यालय में बढ़ी फीस के खिलाफ अनोखा विरोध प्रदर्शन किया। फीस वृद्धि से नाराज़ छात्रों ने सड़क पर उतरकर भीख मांगते हुए सरकार और विश्वविद्यालय प्रशासन के खिलाफ अपना आक्रोश जताया।
प्रदर्शन के दौरान छात्रों ने राहगीरों से भीख मांगी और प्रतीकात्मक रूप से यह दिखाने की कोशिश की कि फीस वृद्धि के कारण छात्र आर्थिक रूप से किस तरह दबाव में आ गए हैं। छात्रों का कहना था कि लगातार बढ़ती फीस ने मध्यम और गरीब वर्ग के विद्यार्थियों के लिए उच्च शिक्षा हासिल करना मुश्किल कर दिया है।
प्रदर्शनकारियों ने बताया कि भीख मांगकर जो 420 रुपये इकट्ठा हुए हैं, उसका चेक बनाकर लखनऊ विश्वविद्यालय के कुलपति को भेजा जाएगा। उनका कहना है कि यह चेक विश्वविद्यालय प्रशासन के लिए एक प्रतीकात्मक संदेश होगा कि छात्र फीस भरने में सक्षम नहीं हैं और उन्हें मजबूरी में इस तरह का कदम उठाना पड़ रहा है।
मौके पर मौजूद छात्रों ने आरोप लगाया कि विश्वविद्यालय प्रशासन बिना छात्रों की समस्याओं को समझे लगातार फीस बढ़ा रहा है, जिससे शिक्षा का अधिकार प्रभावित हो रहा है। उन्होंने मांग की कि फीस वृद्धि को तत्काल वापस लिया जाए और छात्रों को राहत दी जाए। प्रदर्शन की सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची पुलिस ने स्थिति को नियंत्रित करते हुए प्रदर्शन कर रहे छात्रों को हिरासत में ले लिया। बाद में सभी छात्रों को इको गार्डन भेज दिया गया।