UP News: लग्जरी कार से आकर 45 रुपए के गमले चोरी..., CM योगी भी इस करतूत से हुए हैरान

UP News: मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सरकारी संपत्ति की चोरी पर सख्त टिप्पणी करते हुए ऐसी टिप्पणी की। जिसने कार्यक्रम में मौजूद लोगों को हंसने पर मजबूर कर दिया।

Update:2026-05-26 15:14 IST

CM Yogi Adityanath

UP News: मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सरकारी संपत्ति की चोरी पर सख्त टिप्पणी करते हुए ऐसी टिप्पणी की। जिसने कार्यक्रम में मौजूद लोगों को हंसने पर मजबूर कर दिया। मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रशासन शहरों के सौंदर्यीकरण के लिए सार्वजनिक स्थलों और सड़कों के किनारे फूल और गमले लगाता है, लेकिन कुछ लोग उन्हें भी चोरी कर लेते हैं। सीएम योगी ने एक घटना का जिक्र करते हुए बताया कि हाल ही में ऐसा मामला सामने आया, जिसमें लगभग ढाई करोड़ रुपये की लग्जरी कार से लोग सड़क पर आकर मात्र 45 रुपये का गमला उठाकर ले गए।

उन्होंने कहा कि आने-जाने में जिस कार का जितना खर्च हुआ, उसमें तो कई नए गमले खरीदे जा सकते थे। मुख्यमंत्री ने इसे “चोरी का नया मॉडल” करार दिया। साथ ही कहा कि लोगों को सार्वजनिक संपत्ति का सम्मान करना चाहिए। उन्होंने कहा कि प्रषासन शहर को सुंदर बनाने के लिए गमले लगाते हैं और कुछ लोग उन्हें उठा ले जाते हैं। अगर वही लोग बाजार से नया गमला खरीदकर अपने घर में रखते, तो सम्मान भी रहता और शहर भी सुंदर नजर आता।

मुख्यमंत्री ने हल्के अंदाज के तेवर दिखाते हुए कहा कि यह सब देखकर एक समय यह विचार आता है कि इस तरह की हरकत करने वालों की तस्वीर चैराहों पर लगवा दी जाए। मुख्यमंत्री ने यह भी बताया कि अब शहरों में हर जगह सीसीटीवी कैमरे लगाए गए हैं और लगातार निगरानी की जा रही है। इसी निगरानी के दौरान यह घटना सामने आई। उन्होंने कहा कि सरकारी संपत्ति किसी एक व्यक्ति की नहीं होती, बल्कि जनता के टैक्स के पैसे से बनाई जाती है। ऐसे में उसे नुकसान पहुंचाना या चोरी करना समाज के प्रति गलत व्यवहार है।

कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने लोगों से अपील की कि वे सार्वजनिक संपत्तियों की सुरक्षा को अपनी जिम्मेदारी समझें और शहरों को स्वच्छ और सुंदर बनाने में सहयोग करें। इससे पहले मुख्यमंत्री ने स्वास्थ्य और चिकित्सा शिक्षा विभाग की समीक्षा बैठक भी की। उन्होंने सरकारी अस्पतालों में इलाज, जांच, दवाओं और इमरजेंसी सेवाओं को बेहतर बनाने के निर्देश दिए। साथ ही मेडिकल कॉलेजों और सुपर स्पेशियलिटी सेवाओं को आधुनिक तकनीक से मजबूत करने पर भी जोर दिया।

Tags:    

Similar News