Lucknow Traffic Jam: भीषण जाम से राजधानी बेहाल, घंटों रेंगती रही गाडियां

Lucknow Traffic Jam: गुरुवार शाम की बरसात के बाद लखनऊ के अकबरनगर क्षेत्र में भीषण जाम लग गया। यहां घंटों तक दो पहिया और चार पहिया वाहन फंसे रहे। करीब दो से तीन किलोमीटर तक गाडियां रेंगती रही।

Report :  Abhishek Mishra
Update: 2024-09-05 14:30 GMT

भीषण जाम से राजधानी बेहाल, घंटों रेंगती रही गाडियां (Photo Source: Ashutosh Tripathi)

Lucknow Traffic Jam:बीते दो दिनों से लखनऊ में बारिश से शहर का मौसम सुहाना हो गया है। लोगों को उमस भरी गर्मी से भी निजात मिली है। लेकिन इस बारिश ने शहरवासियों को कुछ परेशानी में भी डाला है। गुरुवार को दिन चढ़ते ही सूरज की तपिश से लोग काफी बेहाल दिख रहे थे। शाम के समय शहर के मौसम ने ऐसा मिजाज बदला कि देखते ही देखते झमाझम बारिश होने लगी। इस बरसात से लोगों को गर्मी से तो राहत मिली, लेकिन कई इलाकों में लगे भीषण जाम से सुहावने मौसम के बाद भी लोगों पसीना छूट गया। बारिश के बाद शहर के इलाके जाम की गिरफ्त में आ गए। जिससे लोगों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ा।


बारिश से लगा भीषण जाम 

गुरुवार शाम की बरसात के बाद लखनऊ के अकबरनगर क्षेत्र में भीषण जाम लग गया। यहां घंटों तक दो पहिया और चार पहिया वाहन फंसे रहे। करीब दो से तीन किलोमीटर तक गाडियां रेंगती रही। ऑफिस से अपने-अपने घरों के लिए निकले लोगों के लिए यह जाम परेशानी का सबब बन गया। गाडियों की लंबी कतारें लगी रहीं। अकबरनगर से लेखराज व इंदिरानगर जाने वाली गाडियां करीब दो घंटे तक ट्रैफिक में फंसी रहीं। 


दस मीटर खिसकने में लगे पंद्रह मिनट

आईटी चौराहे से पॉलिटेक्निक चौराहा, गोमतीनगर से कैंट, डालीगंज से मेडिकल कॉलेज की ओर जाने वाले वाहन काफी लंबे समय तक जाम में फंसे रहे। जाम का आलम यह था कि दस मीटर खिसकने के लिए चार पहिया वाहनों को करीब पंद्रह मिनट का समय लग गया। धीरे-धीरे वाहन आगे बढ़ते रहे। लेकिन लंबा जाम लगने से पॉलिटेक्निक चौराहे तक ट्रैफिक बढ़ गया। अकबरनगर से पॉलिटेक्निक तक पहुंचने के लिए कुछ गाडियों को एक से डेढ घंटे लग गए।  



 




Tags:    

Similar News