Lucknow News: सत्य के सानिध्य में आने पर जीवन में आता है आत्म विश्वास: डा. दिनेश शर्मा

Lucknow News: लखनऊ में डा दिनेश शर्मा ने कहा कि संत समाज को जाति बंधनों से मुक्त कर देश को सनातन संस्कृति और किसान की शक्ति से समृद्ध बना रहे हैं।

Update:2026-05-25 22:24 IST

सत्य के सानिध्य में आने पर जीवन में आता है आत्म विश्वास: डा. दिनेश शर्मा (Photo- Newstrack)

Lucknow News: राज्यसभा सांसद एवं उत्तर प्रदेश के पूर्व उपमुख्यमंत्री डा. दिनेश शर्मा ने कहा कि जब व्यक्ति सत्य के सानिध्य में आता है तो उसके जीवन में आत्मविश्वास पैदा होता है। उन्होंने कहा कि संतों का आशीर्वाद ही जीवन में चमत्कार बन जाता है। संत समाज को जाति के बंधनों से मुक्त करने की शक्ति रखते हैं और ऐसा समाज तैयार करते हैं जो जाति और धर्म से ऊपर होता है, जहां सभी लोग सनातनी भावना से जुड़े रहते हैं। उन्होंने कहा कि भारत की सनातन परम्परा का संरक्षण करते हुए संत देश को समृद्ध बनाने का कार्य कर रहे हैं। इसी कारण कहा जाता है कि जहां संत होते हैं वहीं बसंत भी होता है।

डा. दिनेश शर्मा विज्ञान खंड, गोमती नगर स्थित स्थानीय जाप स्थल एवं सेवा केंद्र में लाल महेंद्र शिव शक्ति सेवा समिति, ओम नमः शिवाय आश्रम द्वारा सेवा कार्य के 50 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में आयोजित प्रवचन एवं विशाल भंडारे में मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। इस दौरान उन्होंने हजारों श्रद्धालुओं को संबोधित किया।


उन्होंने कहा कि भारत ऋषि और कृषि का देश रहा है और यहां किसान की उपज के बल पर ही देश की समृद्धि कायम रहती है। उन्होंने कहा कि भारत की सनातन संस्कृति दुनिया की सबसे प्राचीन संस्कृतियों में से एक है। सनातन धर्म केवल मनुष्यों के ही नहीं बल्कि पशु-पक्षियों के कल्याण की भावना भी रखता है। यह ऐसा धर्म है जो हर धर्म के लोगों के कल्याण की कामना करता है। उन्होंने कहा कि सनातन परंपरा में नाग को भी देवता मानकर उसे दूध पिलाने की परंपरा है, जो इस संस्कृति की व्यापक सोच को दर्शाती है।


डा. शर्मा ने कहा कि देश को आक्रांताओं ने लूटने का प्रयास जरूर किया, लेकिन वे भारत की संस्कृति को समाप्त नहीं कर सके। उन्होंने कहा कि गुरु समाज में सबसे श्रेष्ठ होता है क्योंकि वह समाज को सही राह दिखाने के साथ सभी को साथ लेकर चलने का कार्य करता है।


बदलते पारिवारिक संबंधों पर जताई चिंता

कार्यक्रम के दौरान डा. दिनेश शर्मा ने वर्तमान समय में बदलते पारिवारिक संबंधों पर भी चिंता व्यक्त की। उन्होंने कहा कि आज परिवारों के बीच रिश्तों में बदलाव देखने को मिल रहा है और विवाद भी बढ़ रहे हैं, लेकिन यह भारत की संस्कृति नहीं हो सकती। उन्होंने कहा कि माता-पिता देवतुल्य होते हैं, फिर भी आज उन्हें वृद्धाश्रम जाने के लिए मजबूर होना पड़ रहा है, जो उचित नहीं है।


2047 तक विकसित राष्ट्र बनेगा भारत

डा. दिनेश शर्मा ने कहा कि देश लगातार आगे बढ़ रहा है और वर्ष 2047 तक भारत एक विकसित राष्ट्र के रूप में दुनिया के सामने खड़ा होगा। उन्होंने विश्वास जताया कि भारत अपनी संस्कृति और परंपराओं को संरक्षित रखते हुए विकास के नए आयाम स्थापित करेगा।

कार्यक्रम में सूचना आयुक्त पीएन द्विवेदी, दैनिक भास्कर के ब्यूरो प्रमुख सचिन मुदगल, भाजपा प्रवक्ता अवनीश त्यागी, पत्रकार दिवस चतुर्वेदी, पत्रकार विवेक त्रिपाठी, ठाकुर मनु प्रताप सिंह, गिरीश मिश्रा सहित कई गणमान्य लोग उपस्थित रहे।

Tags:    

Similar News