Lucknow News: लखनऊ सड़क हादसे पर एसयूवी चालक का पक्ष, बोलीं- सोशल मीडिया पर फैलाई जा रहीं गलत बातें

Lucknow News: लखनऊ के समता मूलक चौराहा हादसे में एसयूवी चला रही आशी सिंह ने पहली बार अपना पक्ष रखा। उन्होंने आरोप लगाया कि पूरे मामले को एकतरफा तरीके से पेश किया गया और निष्पक्ष जांच की मांग करते हुए 1090 चौराहा, फन मॉल और समता मूलक चौराहे के सीसीटीवी फुटेज की जांच कराने की अपील की।

Update:2026-07-16 20:07 IST

Lucknow News (Image Credit-Newstrack)

लखनऊ। समता मूलक चौराहे पर एसयूवी कार की टक्कर से दो स्कूटी सवार युवतियों के घायल होने के मामले में अब नया मोड़ सामने आया है। एसयूवी चला रही युवती आशी सिंह ने पूरे घटनाक्रम पर अपना पक्ष रखते हुए दावा किया है कि मामले को गलत तरीके से रिपोर्ट किया गया है और एकतरफा कार्रवाई की गई है।

आशी सिंह ने कहा कि जिस दिन घटना हुई, उससे पहले से ही दोनों युवतियां उनकी गाड़ी का पीछा कर रही थीं। उनका कहना है कि फन मॉल से पहले ही दोनों युवतियां लगातार उनकी गाड़ी के पास आ रही थीं और बार बार शीशा नीचे करने के लिए कह रही थीं।

उन्होंने बताया कि समता मूलक चौराहे के पास दोनों युवतियों ने बाईं ओर से उनकी गाड़ी को ओवरटेक कर रोकने की कोशिश की। इसी दौरान स्कूटी का संतुलन बिगड़ गया और वह उनकी कार के नीचे आ गई, जिससे हादसा हुआ।

आशी सिंह ने कहा कि पूरे मामले की सच्चाई सामने लाने के लिए 1090 चौराहा, फन मॉल और समता मूलक चौराहे के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज की जांच कराई जानी चाहिए। उनके अनुसार इससे घटना का पूरा क्रम स्पष्ट हो जाएगा।

उन्होंने आरोप लगाया कि मौके पर मौजूद कई लोगों ने उनके साथ बदतमीजी की। उनका कहना है कि कुछ देर बाद वहां पहुंचे कुछ युवकों ने उन्हें जान से मारने तक की धमकी दी।

आशी सिंह के मुताबिक, इस घटना से कुछ समय पहले लोहिया चौराहे के पास एक युवक से उनकी कहासुनी हुई थी। उनका आरोप है कि उस युवक ने उनकी गाड़ी के सामने गलत तरीके से कट मारा था। इसी विवाद के बाद संबंधित युवतियां उनका पीछा करने लगी थीं।

ड्रिंक एंड ड्राइव के आरोपों पर प्रतिक्रिया देते हुए आशी सिंह ने कहा कि सोशल मीडिया और अन्य माध्यमों पर उनके खिलाफ गलत बातें फैलाई जा रही हैं। उन्होंने कहा कि घटना के बाद वह खुद पुलिस के साथ थाने गई थीं और करीब तीन घंटे तक वहां मौजूद रहीं। यदि उन्होंने शराब पी रखी होती तो पुलिस उनका मेडिकल परीक्षण कराती।

आशी सिंह ने कहा कि गलत खबरों और आरोपों के कारण वह पिछले कई दिनों से मानसिक तनाव में हैं। उन्होंने पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कर सभी उपलब्ध साक्ष्यों, विशेषकर सीसीटीवी फुटेज, के आधार पर कार्रवाई करने की मांग की है।

Tags:    

Similar News