लखनऊ की वरुण बिहार योजना में 15 हजार भूखंडों के साथ होगा लॉजिस्टिक्स पार्क
Lucknow News: एलडीए लखनऊ-आगरा एक्सप्रेस-वे पर वरुण विहार विकसित कर रहा है। इस 6,580 एकड़ में फैली योजना में 15,000 से अधिक आवासीय भूखंडों का निर्माण होगा।
Lucknow News: लखनऊ विकास प्राधिकरण (LDA) लखनऊ-आगरा एक्सप्रेस-वे पर नई आवासीय योजना वरुण विहार विकसित कर रहा है। यह योजना 6,580 एकड़ में फैली होगी, जिसमें 15,000 से अधिक आवासीय भूखंडों का निर्माण होगा। इसके साथ योजना में एक बड़ा लॉजिस्टिक्स पार्क और एक अंतरराष्ट्रीय स्तर का गोल्फ कोर्स भी बनाया जाएगा।
जमीन अधिग्रहण की प्रक्रिया शुरू
एलडीए ने वरुण विहार योजना के लिए जमीन जुटाने का काम शुरू कर दिया है। प्राधिकरण के उपाध्यक्ष प्रथमेश कुमार ने दोना गांव के किसानों को मुआवजे के डिमांड ड्राफ्ट सौंपे। संयुक्त सचिव सुशील प्रताप सिंह ने बताया कि दोना गांव के चार किसानों ने करीब 10 बीघा जमीन का बैनामा प्राधिकरण के पक्ष में किया है, जिसके लिए 6.9 करोड़ रुपये की मुआवजा राशि दी गई है।
300 एकड़ में लॉजिस्टिक्स पार्क
वरुण विहार योजना को 25 सेक्टरों में विभाजित किया जाएगा। इस योजना में 300 एकड़ में लॉजिस्टिक्स पार्क/ट्रांसपोर्ट नगर विकसित किया जाएगा, जिससे शहर के औद्योगिक विकास को बढ़ावा मिलेगा। इसके अलावा, 800 एकड़ से अधिक क्षेत्रफल में ग्रीन बेल्ट, पार्क और जल निकाय बनाए जाएंगे। इसमें एक अंतरराष्ट्रीय स्तर का गोल्फ कोर्स और एक बड़ा सेंट्रल पार्क भी शामिल होगा।
किसानों से जमीन के सहमति प्रस्ताव
एसडीएम विराग करवरिया ने बताया कि योजना को लेकर किसानों में काफी उत्साह है, अब तक 148 एकड़ जमीन के सहमति प्रस्ताव प्राप्त हो चुके हैं, जिनकी जांच के बाद जल्द ही बैनामे कराए जाएंगे। इस परियोजना से लखनऊ में आवास, उद्योग, स्वास्थ्य और शिक्षा के क्षेत्र में अभूतपूर्व विकास होने की उम्मीद है। यह योजना के तहत 6,580 एकड़ में 15,000 से अधिक आवासीय भूखंडों का निर्माण होगा।