6 महीने पहले शादी... फिर संदिग्ध मौत! लखनऊ में मर्चेंट नेवी अफसर की पत्नी ने लगाई फांसी, मायकेवालों ने पति पर हत्या का आरोप लगाया

Lucknow News: लखनऊ के ओमेक्स वाटर एस्केप में मर्चेंट नेवी अफसर की पत्नी मधु सिंह की संदिग्ध मौत ने सनसनी फैला दी। शादी को महज छह महीने हुए थे। मृतका के पिता ने दामाद अनुराग सिंह पर दहेज हत्या और अबॉर्शन का आरोप लगाया है। मामला अब हत्या और आत्महत्या के एंगल से जांच में है।

Update:2025-08-05 00:20 IST

Lucknow News: लखनऊ के हाईप्रोफाइल ओमेक्स वाटर एस्केप सोसायटी में मर्चेंट नेवी अफसर की पत्नी की संदिग्ध हालात में मौत ने शहर को हिला दिया है। महज छह महीने पहले शादी हुई मधु सिंह ने फांसी लगाकर जान दे दी। हालांकि, मायकेवालों का आरोप है कि यह आत्महत्या नहीं बल्कि साजिशन की गई हत्या है। मृतका के पिता ने अपने दामाद अनुराग सिंह पर दहेज प्रताड़ना, शारीरिक हिंसा, गैर महिलाओं से संबंध और जबरन अबॉर्शन जैसे गंभीर आरोप लगाए हैं। घटना रविवार रात की है लेकिन पुलिस को इसकी जानकारी सोमवार दोपहर दी गई, जिससे संदेह और गहरा हो गया है। फिलहाल पुलिस आत्महत्या और हत्या दोनों एंगल से जांच कर रही है।

6 महीने पहले हुई थी शादी और अब हुई संदिग्ध मौत

लखनऊ के सुशांत गोल्फ सिटी स्थित ओमेक्स वाटर एस्केप अपार्टमेंट में रहने वाली मधु सिंह (24) की फांसी के फंदे से लटकता शव उसके पति अनुराग सिंह और नौकर ने नीचे उतारा। अनुराग मर्चेंट नेवी में सेकेंड ऑफिसर के पद पर तैनात है और हाल ही में 10 दिन की छुट्टी पर घर आया था। रविवार रात दोनों के बीच किसी बात पर विवाद हुआ और इसके बाद मधु की मौत हो गई। पुलिस का कहना है कि यह आत्महत्या लगती है, लेकिन मृतका के परिवारवालों ने इसे साफतौर पर हत्या करार दिया है।

पिता का आरोप- बेटी को मारकर सुसाइड दिखाने की साजिश

मृतका के पिता फतेह बहादुर सिंह ने बताया कि रविवार रात 8 बजे मधु ने अपनी बड़ी बहन को फोन कर बताया था कि अनुराग ने उसके साथ मारपीट की है। इसके बाद उसका फोन बंद हो गया। सुबह तक परिवारवालों को कोई सूचना नहीं मिली। सोमवार दोपहर जब अनुराग ने घटना की जानकारी दी, तब तक शव को फांसी से उतारा जा चुका था। पिता का आरोप है कि हत्या कर सुसाइड का रूप देने की कोशिश की गई और शव को अस्पताल तक नहीं ले जाया गया।

दहेज, अवैध संबंध और अबॉर्शन के आरोप

फतेह बहादुर सिंह ने बताया कि मधु और अनुराग की शादी 25 फरवरी 2025 को हुई थी। शादी के बाद से ही अनुराग लगातार दहेज की मांग कर रहा था। मधु इस प्रताड़ना से परेशान होकर कुछ दिनों के लिए मायके चली गई थी, लेकिन होली के दिन उसे वापस ले जाया गया। इसके बाद प्रताड़ना का सिलसिला फिर शुरू हो गया। पिता ने यह भी आरोप लगाया कि अनुराग के कई लड़कियों से संबंध हैं और मधु के प्रेग्नेंट होने पर उसने जबरन अबॉर्शन कराया। इन तमाम वजहों से मधु की जान गई।

Tags:    

Similar News