Lucknow: विभिन्न मांगों को लेकर समाजवादी छात्रसभा का प्रदर्शन, पुलिस से झड़प के बाद कार्यकर्ता हिरासत में
Lucknow: लखनऊ में समाजवादी छात्रसभा ने छात्र मुद्दों को लेकर प्रदर्शन किया। पुलिस ने कई कार्यकर्ताओं को हिरासत में लिया। प्रदर्शनकारियों ने फीस वृद्धि रोकने, छात्रसंघ चुनाव बहाल करने और अन्य मांगों को लेकर आवाज उठाई।
Lucknow News
Lucknow: समाजवादी छात्रसभा ने गुरुवार को अपनी विभिन्न मांगों को लेकर गोमतीनगर स्थित 1090 चौराहे पर जोरदार प्रदर्शन किया। बड़ी संख्या में छात्र कार्यकर्ता हाथों में बैनर और तख्तियां लेकर सरकार के खिलाफ नारेबाजी करते हुए पहुंचे। प्रदर्शन के दौरान पुलिस ने उन्हें आगे बढ़ने से रोकने का प्रयास किया, जिसके चलते पुलिस और प्रदर्शनकारियों के बीच धक्का-मुक्की व तीखी झड़प हुई। स्थिति को देखते हुए पुलिस ने कई कार्यकर्ताओं को हिरासत में लेकर इको गार्डन भेज दिया।
प्रदर्शनकारियों ने आरोप लगाया कि प्रदेश सरकार छात्रों और युवाओं से जुड़े मुद्दों की लगातार अनदेखी कर रही है। उनका कहना था कि अयोध्या में राम मंदिर चंदा घोटाले के आरोपों की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की जाए। इसके अलावा उन्होंने जौहर यूनिवर्सिटी को तोड़े जाने की कार्रवाई पर रोक लगाने की मांग उठाई।
समाजवादी छात्रसभा ने प्रदेश में लगातार बढ़ रही स्कूल, कॉलेज और विश्वविद्यालयों की फीस वृद्धि को वापस लेने की भी मांग की। उनका कहना था कि बढ़ती फीस के कारण आर्थिक रूप से कमजोर और मध्यम वर्गीय परिवारों के छात्रों की पढ़ाई प्रभावित हो रही है। प्रदर्शनकारियों ने कहा कि शिक्षा को महंगा बनाने के बजाय सभी छात्रों के लिए सुलभ और किफायती बनाया जाना चाहिए।
छात्रसभा के कार्यकर्ताओं ने प्रदेश के विश्वविद्यालयों और महाविद्यालयों में छात्रसंघ चुनाव बहाल करने की भी मांग की। उनका कहना था कि छात्रसंघ लोकतांत्रिक व्यवस्था का महत्वपूर्ण हिस्सा है और इसके माध्यम से छात्रों को अपनी समस्याएं उठाने का मंच मिलता है। लंबे समय से छात्रसंघ चुनाव नहीं होने से छात्रों की आवाज दबाई जा रही है।
प्रदर्शन के दौरान पुलिस ने सुरक्षा व्यवस्था को देखते हुए 1090 चौराहे पर बैरिकेडिंग कर दी थी। जब प्रदर्शनकारी बैरिकेड पार करने का प्रयास करने लगे तो पुलिस ने उन्हें रोक दिया, जिससे दोनों पक्षों के बीच झड़प हो गई। बाद में पुलिस ने कई छात्र नेताओं और कार्यकर्ताओं को हिरासत में लेकर इको गार्डन भेज दिया। हालांकि कुछ देर बाद स्थिति सामान्य हो गई और यातायात भी सुचारु रूप से शुरू करा दिया गया। समाजवादी छात्रसभा ने चेतावनी दी कि यदि उनकी मांगों पर जल्द कार्रवाई नहीं हुई तो प्रदेशभर में आंदोलन को और व्यापक किया जाएगा।