Lucknow: राम मंदिर चंदा विवाद पर सपा समर्थकों का हजरतगंज में प्रदर्शन, पुलिस ने हिरासत में लेकर इको गार्डन भेजा

Lucknow: राम मंदिर चंदा विवाद को लेकर लखनऊ के हजरतगंज में समाजवादी पार्टी समर्थकों ने प्रदर्शन किया। पुलिस ने प्रदर्शनकारियों को हिरासत में लेकर इको गार्डन भेजा। जानें पूरे मामले की प्रमुख बातें।

Update:2026-07-17 13:06 IST

Samajwadi Party

Lucknow: राम मंदिर चंदा चोरी मामले को लेकर शुक्रवार को समाजवादी पार्टी के समर्थकों ने राजधानी लखनऊ के हजरतगंज चौराहे पर जोरदार प्रदर्शन किया। प्रदर्शनकारियों ने मामले की निष्पक्ष जांच कराने, दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने और पूरे प्रकरण की न्यायिक जांच की मांग उठाई। प्रदर्शन के दौरान कार्यकर्ताओं ने सरकार के खिलाफ नारेबाजी करते हुए आरोप लगाया कि मामले की सच्चाई सामने लाने के बजाय उसे दबाने का प्रयास किया जा रहा है।

हजरतगंज चौराहे पर बड़ी संख्या में सपा समर्थकों के जुटने से कुछ समय के लिए यातायात प्रभावित हुआ। सूचना मिलते ही पुलिस अधिकारी मौके पर पहुंच गए। पुलिस ने प्रदर्शनकारियों को समझाने का प्रयास किया, लेकिन प्रदर्शन जारी रहने पर उन्हें हिरासत में ले लिया गया।

पुलिस ने सभी प्रदर्शनकारी कार्यकर्ताओं को बसों में बैठाकर इको गार्डन भेज दिया, जहां उन्हें एहतियातन रखा गया। इस दौरान प्रदर्शनकारियों ने सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की और कहा कि राम मंदिर जैसे आस्था के विषय से जुड़े चंदे में यदि किसी प्रकार की अनियमितता हुई है तो इसकी निष्पक्ष जांच कर दोषियों को कानून के दायरे में लाया जाना चाहिए।


प्रदर्शन को देखते हुए हजरतगंज क्षेत्र में अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया और सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई। पुलिस अधिकारियों ने स्थिति को पूरी तरह नियंत्रण में बताते हुए कहा कि कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए आवश्यक कदम उठाए गए हैं। प्रदर्शन शांतिपूर्ण ढंग से समाप्त कराया गया और किसी अप्रिय घटना की सूचना नहीं है।


राम मंदिर चंदा चोरी मामले को लेकर प्रदेश की राजनीति लगातार गर्म बनी हुई है। विपक्ष इस मुद्दे को लेकर सरकार पर हमलावर है, जबकि प्रशासन कानून-व्यवस्था बनाए रखने के साथ पूरे घटनाक्रम पर नजर बनाए हुए है।

Tags:    

Similar News