लखनऊ में छेड़खानी पर महिला का पलटवार: मनचले को चप्पलों से पीटा, सड़क पर दौड़ाकर सिखाया सबक

Lucknow: लखनऊ के कैसरबाग इलाके में छेड़छाड़ के विरोध में महिला ने आरोपी का सामना किया। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है, पुलिस ने शिकायत मिलने पर कार्रवाई की बात कही है।

Update:2026-08-05 19:38 IST

Lucknow News

Lucknow: लखनऊ के कैसरबाग थाना क्षेत्र में बुधवार को छेड़छाड़ की एक घटना ने राहगीरों का ध्यान अपनी ओर खींच लिया। लालबाग इलाके में एक महिला ने कथित तौर पर अभद्र टिप्पणी और छेड़छाड़ का विरोध करते हुए आरोपी को बीच सड़क पर पकड़ लिया और चप्पलों से उसकी पिटाई कर दी। घटना का वीडियो भी सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।

जानकारी के अनुसार, करीब 38 वर्षीय महिला अपने भाई के लिए टिफिन लेकर जा रही थीं। इसी दौरान रास्ते में एक लगभग 50 वर्षीय व्यक्ति ने उनके साथ कथित रूप से अभद्र व्यवहार किया और अशोभनीय टिप्पणी की। महिला ने बिना देर किए मौके पर ही विरोध जताया और आरोपी को पकड़कर उसकी पिटाई शुरू कर दी।प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, आरोपी खुद को बचाने के लिए भागने लगा, लेकिन महिला ने उसका पीछा नहीं छोड़ा। करीब 500 मीटर तक उसे दौड़ाकर चप्पलों और थप्पड़ों से पीटा। इस दौरान आसपास बड़ी संख्या में लोग जमा हो गए, लेकिन किसी ने महिला को रोकने की कोशिश नहीं की। घटना के दौरान आरोपी लगातार अपनी गलती स्वीकार करते हुए माफी मांगता रहा। बताया जा रहा है कि महिला ने आरोपी को कड़ी चेतावनी दी और भविष्य में किसी भी महिला के साथ ऐसी हरकत न करने की नसीहत दी। आरोपी के बार-बार माफी मांगने पर महिला ने पुलिस में औपचारिक शिकायत दर्ज कराने के बजाय उसे चेतावनी देकर छोड़ दिया।

घटना के बाद महिला ने अपनी पहचान सार्वजनिक न करने की अपील की। उनका कहना था कि महिलाओं को छेड़छाड़ या अभद्रता का शिकार होने पर चुप नहीं रहना चाहिए, बल्कि तत्काल विरोध करना चाहिए। उनका मानना है कि यदि ऐसे लोगों को मौके पर ही कड़ा जवाब मिले तो वे दोबारा किसी महिला के साथ ऐसी हरकत करने से पहले कई बार सोचेंगे। हालांकि, इस मामले में पुलिस के पास शिकायत दर्ज नहीं कराई गई है। घटना का वीडियो सामने आने के बाद यह मामला शहर में चर्चा का विषय बना हुआ है। पुलिस का कहना है कि यदि कोई तहरीर प्राप्त होती है तो नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।

Tags:    

Similar News