Aaj Ka Mausam: यूपी के 56 जिलों में आंधी और बारिश की चेतावनी, आज के बाद दिखेगा गर्मी का प्रकोप

Aaj Ka Mausam 31 May 2026: उत्तर प्रदेश में मौसम ने बदला रुख। लखनऊ, वाराणसी समेत 56 जिलों में आंधी और बारिश का अलर्ट जारी। 50 किमी प्रति घंटा की रफ्तार से हवाएं चलने की संभावना, सोमवार से फिर बढ़ सकती है गर्मी।

Update:2026-05-31 07:34 IST

Image Source- Ai

Aaj Ka Mausam 31 May 2026: उत्तर प्रदेश के लोगों को भीषण गर्मी से बस आज के दिन राहत मिलने वाली है। मौसम विभाग के अनुसार रविवार तक प्रदेश में मौसम का मिजाज बदला रहेगा। जिसके बाद सोमवार से फिर गर्मी का प्रकोप झेलना पड़ सकता है। वहीं पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव के कारण शनिवार को भी लखनऊ समेत प्रदेश के अधिकांश जिलों में मौसम सामान्य दिनों की तुलना में सुहावना बना रहा। आसमान में बादलों की आवाजाही देखने को मिली और पुरवा हवाएं भी चलती रहीं। इसके चलते तापमान में गिरावट दर्ज की गई और लोगों को गर्मी से राहत मिली।

यहां शनिवार को राजधानी लखनऊ में दिन का अधिकतम तापमान 34 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जबकि रात का तापमान 24.5 डिग्री सेल्सियस रहा। मौसम में आई इस नरमी का असर प्रदेश के कई अन्य जिलों में भी देखने को मिला, जहां तेज धूप और लू से लोगों को राहत महसूस हुई। तो आज कैसा रहेगा मौसम, आइए डालते हैं इसपर एक नजर।

56 जिलों में आंधी और बारिश का अलर्ट

उत्तर प्रदेश में मौसम विभाग ने रविवार के लिए प्रदेश के 56 जिलों में आंधी और बारिश का अलर्ट जारी किया है। जिन जिलों में मौसम बिगड़ने की संभावना जताई गई है उनमें लखनऊ, कानपुर, प्रयागराज, वाराणसी, गोरखपुर, मिर्जापुर, प्रतापगढ़, गोंडा, बलरामपुर, पीलीभीत, मुजफ्फरनगर, बरेली, हमीरपुर और महोबा समेत कई जिले शामिल हैं।

विभाग का कहना है कि इन इलाकों में कहीं-कहीं गरज-चमक के साथ बारिश हो सकती है। साथ ही तेज हवाएं चलने की भी संभावना बनी हुई है। ऐसे में लोगों को सावधानी बरतने की सलाह दी गई है।

रविवार को भी चलेगी धूल भरी आंधी

मौसम विभाग के मुताबिक रविवार को हवा की रफ्तार शनिवार के मुकाबले कुछ कम रह सकती है, लेकिन इसके बावजूद प्रदेश के कई हिस्सों में तेज धूलभरी आंधी चलने की संभावना बनी हुई है। हवाओं की गति 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटा तक रह सकती है, जबकि झोंकों के दौरान यह रफ्तार 60 किलोमीटर प्रति घंटा तक पहुंच सकती है।

तेज हवाओं के कारण खुले स्थानों पर रहने वाले लोगों और किसानों को सतर्क रहने की जरूरत है। मौसम विभाग का अनुमान है कि बारिश और तेज हवाओं का यह दौर रविवार तक जारी रह सकता है।

पाकिस्तान के ऊपर बने सिस्टम से बदला मौसम

मौसम विभाग के अनुसार प्रदेश में मौसम में आया यह बदलाव पाकिस्तान के ऊपर बने एक चक्रवाती परिसंचरण और पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव का नतीजा है। इसके कारण अरब सागर और बंगाल की खाड़ी से आने वाली नम हवाएं आपस में टकरा रही हैं, जिससे उत्तर प्रदेश के मौसम में बदलाव देखने को मिल रहा है।

यही वजह है कि पिछले कुछ दिनों से प्रदेश के कई हिस्सों में बादल छाए हुए हैं और बारिश व आंधी की गतिविधियां बढ़ी हैं। हालांकि मौसम विभाग का कहना है कि यह स्थिति 31 मई तक ही बनी रहेगी।

जून के पहले सप्ताह में फिर बढ़ेगी गर्मी

मौसम विभाग का अनुमान है कि जून के पहले सप्ताह से मौसम एक बार फिर करवट लेगा। पश्चिमी विक्षोभ का असर खत्म होने के बाद तापमान में तेजी से बढ़ोतरी होने की संभावना है। विभाग के अनुसार प्रदेश के विभिन्न हिस्सों में तापमान 6 से 8 डिग्री सेल्सियस तक बढ़ सकता है।

यहां तापमान बढ़ने के साथ ही गर्मी और उमस का असर भी फिर से महसूस होने लगेगा। ऐसे में लोगों को एक बार फिर तेज गर्मी का सामना करना पड़ सकता है।

सोमवार से बढ़ने लगेगा तापमान

लखनऊ के मौसम विज्ञानी अतुल कुमार सिंह के अनुसार, रविवार को पश्चिमी और पूर्वी उत्तर प्रदेश दोनों हिस्सों के कुछ स्थानों पर बारिश और गरज-चमक का सिलसिला जारी रहेगा। कई इलाकों में आंशिक रूप से बादल छाए रहेंगे और मौसम अपेक्षाकृत सुहावना बना रहेगा।

हालांकि सोमवार से तापमान में धीरे-धीरे बढ़ोतरी शुरू हो जाएगी। इसके साथ ही गर्मी का असर भी बढ़ने लगेगा। वहीं मौसम विभाग ने लखनऊ में बारिश की संभावना से इनकार किया है, हालांकि शहर में आंशिक बादल छाए रहने की संभावना बनी हुई है।

कुल मिलाकर उत्तर प्रदेश के लोगों को रविवार तक बदले मौसम और ठंडी हवाओं से राहत मिलती रहेगी, लेकिन जून की शुरुआत के साथ ही प्रदेश में एक बार फिर गर्मी अपना असर दिखाने लगेगी।

ऐसे ही मौसम से संबंधित लगातार लेटेस्ट अपडेट के लिए Newstrack.com की वेबसाइट विजिट करें।

Tags:    

Similar News