Lucknow News: इकाना में छाया ‘विराट’ रंग, कोहली की एक झलक पाने को उमड़ा लखनऊ

Lucknow News: लखनऊ के इकाना स्टेडियम में विराट कोहली का जादू सिर चढ़कर बोल रहा है। LSG बनाम RCB मैच से पहले विराट की एक झलक पाने के लिए प्रशंसकों का सैलाब उमड़ पड़ा। हमशक्ल के साथ फोटो खिंचाने की होड़ और कोहली-कोहली के नारों से पूरा शहर 'विराटमय' हो गया है।

By :  Shivam
Update:2026-05-07 18:39 IST

Lucknow News:  लखनऊ आज पूरी तरह विराटमय नजर आया। विराट कोहली को देखने की दीवानगी शहरवासियों के सिर चढ़कर बोलती दिखी। लखनऊ सुपर जायंट्स और रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु के बीच होने वाले मुकाबले से पहले ही गोमतीनगर स्थित इकाना क्रिकेट स्टेडियम के बाहर क्रिकेट प्रेमियों की भारी भीड़ जुट गई। हर किसी की जुबान पर सिर्फ एक ही नाम था…विराट कोहली।

मैच शुरू होने से कई घंटे पहले ही स्टेडियम के आसपास प्रशंसकों का जमावड़ा लग गया। बड़ी संख्या में युवा बेंगलुरु टीम की जर्सी पहनकर पहुंचे और कोहली-कोहली के नारों से माहौल गूंज उठा। कई प्रशंसक हाथों में पोस्टर और बैनर लिए नजर आए, जिन पर विराट के लिए खास संदेश लिखे थे।


विराट के हमशक्ल के साथ फोटो खिंचाने की होड़

इस दौरान लोगों के आकर्षण का केंद्र विराट कोहली के हमशक्ल भी बने रहे। स्टेडियम के बाहर मौजूद विराट जैसे दिखने वाले युवक के साथ फोटो खिंचाने के लिए लोगों में होड़ मच गई। कई दर्शक उसे देखकर कुछ पल के लिए असली विराट समझ बैठे। युवाओं और बच्चों ने उसके साथ तस्वीरें खिंचवाईं और सोशल मीडिया पर साझा भी कीं।


लखनऊ के क्रिकेट प्रेमियों में विराट कोहली को मैदान पर बल्लेबाजी करते देखने का अलग ही उत्साह दिखाई दिया। कई दर्शकों ने कहा कि वे सिर्फ विराट को देखने के लिए स्टेडियम पहुंचे हैं। शहर के होटल, कैफे और बाजारों में भी मैच और विराट को लेकर चर्चा गर्म रही। इकाना स्टेडियम में होने वाले इस हाईवोल्टेज मुकाबले को लेकर प्रशंसकों में जबरदस्त उत्साह है, लेकिन साफ नजर आ रहा है कि आज लखनऊ में मैच से ज्यादा चर्चा सिर्फ विराट कोहली की हो रही है।





 


 


Tags:    

Similar News