Mahoba CM Yogi Visit News: गुरु गोरखनाथ की तपोस्थली में पूजन, करोड़ों की परियोजनाओं का लोकार्पण
Mahoba News: मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ 21 जून को महोबा पहुंचकर गुरु गोरखनाथ की तपोस्थली गोरखगिरि में पूजा करेंगे और करोड़ों की विकास परियोजनाओं का लोकार्पण करेंगे।
सीएम योगी का महोबा दौरा: गुरु गोरखनाथ की तपोस्थली में पूजन, करोड़ों की परियोजनाओं का लोकार्पण (Photo- Newstrack)
Mahoba News: मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ 21 जून को बुंदेलखंड के महत्वपूर्ण दौरे पर महोबा पहुंचेंगे। मुख्यमंत्री अपने दो दिवसीय बुंदेलखंड दौरे के दौरान गुरु गोरखनाथ की तपोस्थली गोरखगिरि पर्वत पर विशेष पूजा-अर्चना करेंगे और जिले को करोड़ों रुपये की विकास परियोजनाओं की सौगात देंगे। मुख्यमंत्री का यह दौरा राजनीतिक और विकास दोनों दृष्टियों से बेहद महत्वपूर्ण माना जा रहा है।
गोरखगिरि पर्वत पर करेंगे पूजा-अर्चना
निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ का हेलीकॉप्टर सुबह 10:35 बजे महोबा पुलिस लाइन में उतरेगा। यहां से वे सीधे ऐतिहासिक गोरखगिरि पर्वत की तलहटी में स्थित सिद्ध बाबा धाम पहुंचेंगे। गोरखगिरि पर्वत नाथ संप्रदाय के प्रणेता गुरु गोरखनाथ की तपोस्थली के रूप में प्रसिद्ध है। मुख्यमंत्री यहां पूजा-अर्चना कर प्रदेश और बुंदेलखंड की खुशहाली की कामना करेंगे।
12 करोड़ से संवारी जा रही है गोरखगिरि की धरोहर
प्रदेश सरकार गोरखगिरि पर्वत को पर्यटन के प्रमुख केंद्र के रूप में विकसित कर रही है। लगभग 12 करोड़ रुपये की लागत से यहां सौंदर्यीकरण और विकास कार्य कराए गए हैं। चट्टानों पर आकर्षक कलाकृतियां, ध्यान केंद्र, सीढ़ियां और ओपन एयर थिएटर जैसी सुविधाएं विकसित की गई हैं। मुख्यमंत्री इन विकास कार्यों का निरीक्षण भी करेंगे।
मोदी मैदान में जनसभा को करेंगे संबोधित
गोरखगिरि में लगभग 25 मिनट बिताने के बाद मुख्यमंत्री सुबह 11:15 बजे पुलिस लाइन स्थित मोदी मैदान पहुंचेंगे। यहां आयोजित विशाल जनसभा में वे सदर और चरखारी विधानसभा क्षेत्र से जुड़ी विभिन्न विकास परियोजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास करेंगे। प्रशासन ने जनसभा में लगभग 10 हजार लोगों के बैठने की व्यवस्था की है।
कचहरी भवन और ट्रॉमा सेंटर का कर सकते हैं निरीक्षण
मुख्यमंत्री के कार्यक्रम में मुख्यालय पर निर्माणाधीन 55 करोड़ रुपये की लागत वाले नए कचहरी भवन और ट्रॉमा सेंटर का निरीक्षण भी प्रस्तावित है। हालांकि इसे औचक निरीक्षण के रूप में रखा गया है और अंतिम निर्णय मौके पर लिया जाएगा।
सुरक्षा व्यवस्था के व्यापक इंतजाम
मुख्यमंत्री के दौरे को लेकर जिला प्रशासन और पुलिस प्रशासन पूरी तरह अलर्ट मोड में है। एडीएम कुंवर पंकज और पुलिस अधीक्षक ने सुरक्षा व्यवस्था की समीक्षा कर पुलिसकर्मियों की ड्यूटी तय कर दी है। कार्यक्रम स्थलों पर सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए हैं।
एम्स की मांग को लेकर लोगों की बढ़ी उम्मीदें
मुख्यमंत्री के इस दौरे से महोबा और बुंदेलखंड के लोगों को बड़ी उम्मीदें हैं। क्षेत्र के लोग पिछले कई वर्षों से एम्स की स्थापना की मांग कर रहे हैं। ऐसे में मुख्यमंत्री के दौरे को लेकर स्थानीय नागरिकों और सामाजिक संगठनों की निगाहें टिकी हुई हैं।
दोपहर 12:25 बजे मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ महोबा से रवाना होकर हमीरपुर जिले के राठ कस्बे के लिए प्रस्थान करेंगे, जहां वे अपने अगले कार्यक्रम में शामिल होंगे।